MP Breaking News
Sat, Dec 13, 2025

खड़गे के RSS पर बैन वाले बयान पर भड़के BJP विधायक रामेश्वर शर्मा, कांग्रेस के पूर्वजों की याद दिला कहा “जनता धूल चटा देगी”

Written by:Ankita Chourdia
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संघ पर प्रतिबंध लगाने के बयान पर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। भोपाल से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस को उसके पूर्वजों की याद दिलाई और कहा कि अगर संघ पर प्रतिबंध लगाया तो देश की जनता कांग्रेस को धूल चटा देगी।
खड़गे के RSS पर बैन वाले बयान पर भड़के BJP विधायक रामेश्वर शर्मा, कांग्रेस के पूर्वजों की याद दिला कहा “जनता धूल चटा देगी”

भोपाल: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर प्रतिबंध लगाने की बात कहने के बाद भाजपा ने आक्रामक रुख अपना लिया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्वज भी संघ का कुछ नहीं बिगाड़ सके और अगर अब ऐसी कोशिश की गई तो हिंदुस्तान की जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

यह बात दिलाई याद

रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा, “कांग्रेस में चाहे खड़गे जी हों, राहुल जी हों, या सोनिया जी हों, सभी अपने पूर्वज पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से जाकर पूछ लें।” उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने पहले भी संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिशें की थीं, लेकिन वे असफल रहे।

“तुम्हारे पुरखों ने तीन-तीन प्रतिबंध संघ पर लगाए। तो भी संघ का तुम बाल बांका नहीं कर पाए।” — रामेश्वर शर्मा, विधायक, भाजपा

‘राष्ट्रवादी संगठन का सम्मान करना सीखें’

विधायक शर्मा ने कहा कि संघ आज अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है और देश में हिंदू जागरण के साथ ‘भारत माता की जयघोष’ कर रहा है। उन्होंने कहा, “आज संघ यह कह रहा है कि हिंदुस्तान विश्व गुरु बनने जा रहा है। खड़गे जी फालतू के सपने देखना बंद करें और आरएसएस जैसी राष्ट्रवादी भावना का सम्मान करना सीखें।”

उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ वे आतंकवादियों का समर्थन करते हैं और दूसरी तरफ संघ जैसे राष्ट्रवादी संगठन पर प्रतिबंध लगाने की बात करते हैं।

जनता देगी जवाब

रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि अब वे तो क्या, उनके पुरखे भी संघ का बाल बांका नहीं कर सकते। उन्होंने अपने बयान के अंत में कहा, “संघ पर प्रतिबंध लगाओगे तो हिंदुस्तान की जनता कांग्रेस को धूल चटा देगी।” इस बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

रामेश्वर शर्मा का बयान