मध्य प्रदेश फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष संजय जैन पर अन्य अधिकारियों के साथ एम फार्मा के एक छात्र को बुरी तरह मारने के आरोप लगे हैं, अध्यक्ष के निर्देश पर स्टाफ छात्र को घसीटता हुआ ऑफिस के अन्दर ले गया, छात्र को कमरे में बंद कर पीटा गया, छात्र के मुताबिक उसके गुप्तांग पर भी वार किया गया, घटना के बाद NSUI ने विरोध जताया और संजय जैन की नेम प्लेट पर कालिख पोत दी, छात्र नेताओं ने अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग की है।
मध्य प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के लिए शुक्रवार का दिन हंगामे भरा रहा, सुबह के समय रजिस्ट्रेशन की समस्या सहित अन्य कई समस्याओं को लेकर छात्र छात्राएं वहां पहुंचे उन्होंने वहां समस्या बताई लेकिन गार्ड ने उन्हें ऑफिस के अन्दर जाने से रोक दिया, उनके बीच कहा सुनी और धक्का मुक्की होने लगी इसी दौरान इंदौर से आये एम फार्मा के छात्र तुषार सोनारे का धक्का गार्ड को लग गया जिससे उसे चोट लग गई और उसे खून निकल आया।
छात्र को घसीटते हुए पीटने का वीडियो वायरल
गार्ड को खून निकलता देख फार्मसी काउंसिल स्टाफ भड़क गया, अध्यक्ष संजय जैन भी आक्रोशित हो गए, सभी ने छात्र तुषार के साथ मारपीट शुरू कर दी, उसे बुरी तरह पीटा, फिर घसीटते हुए ऑफिस के अन्दर ले गए वहां बंद कर उसके साथ मारपीट की, तुषार ने वीडियो में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी उसके मुताबिक उन लोगों ने उसके गुप्तांग पर भी वार किया जहाँ उसके खून निकल आया, छात्र के चेहरे पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।
NSUI ने नेम प्लेट पर कालिख पोती
इस घटना के बाद NSUI ने इसका तीखा विरोध किया, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फार्मेसी काउंसिल कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने काउंसिल परिसर में संजय जैन की नेम प्लेट पर कालिख पोतकर विरोध दर्ज किया।
फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग
प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि एक छात्र अपनी रजिस्ट्रेशन समस्या के समाधान हेतु काउंसिल कार्यालय जाता है और वहीं उसे मारपीट कर घायल कर दिया जाता है, यह प्रदेश की शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर बड़ा प्रश्नचिह्न है एनएसयूआई का मानना है कि ऐसे व्यक्ति को किसी सार्वजनिक पद पर बने रहने का नैतिक एवं वैधानिक अधिकार नहीं है, उन्होंने संजय जैन के इस्तीफे की मांग की है।
NSUI ने की तीव्र आंदोलन की चेतावनी
रवि परमार ने कहा कि यदि संजय जैन को तत्काल प्रभाव से पद से नहीं हटाया गया और उन पर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो एनएसयूआई प्रदेशभर में उग्र आंदोलन छेड़ेगी। छात्रों पर हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि किसी संवैधानिक परिषद के अध्यक्ष द्वारा एक छात्र को घसीटकर अंदर कमरे में बंद करना, उसके साथ मारपीट करना और जान से मारने की धमकी देना न केवल शर्मनाक है, बल्कि कानूनन गंभीर अपराध भी है।
एनएसयूआई की प्रमुख मांगें
- फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष संजय जैन को तत्काल पद से हटाया जाए।
- छात्र तुषार के साथ हुई मारपीट, धमकी एवं बंधक बनाकर रखने की घटना पर एफआईआर दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
- काउंसिल में मौजूद कर्मचारियों और गार्डों की भूमिका की भी जांच की जाए।
- काउंसिल कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित कर जांच में शामिल किया जाए।
- छात्रों के साथ संवैधानिक परिषदों में होने वाले व्यवहार की निगरानी हेतु कड़े दिशानिर्देश जारी किए जाएं।
- छात्र पर दर्ज की गई एफआईआर तुरंत वापस ली जाएं ।






