Hindi News

बोले PM Modi, “पूरे बिहार से एक ही आवाज, फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार”

Written by:Atul Saxena
Published:
PM Modi ने कहा  जंगलराज वाले खुद को आपका माई-बाप कहते थे, अपने आप को शहंशाह मानते थे। लेकिन, ये तो मोदी है- मेरे माई-बाप तो आप जनता-जनार्दन हैं, आप ही मेरे मालिक हैं, आप ही मेरा रिमोट कंट्रोल हैं।
बोले PM Modi, “पूरे बिहार से एक ही आवाज, फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार”

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आज पहले चरण का मतदान हो रहा है, मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लम्बी लम्बी लाइने दिखाई दे रहीं है बड़ी संख्या में मतदाता आपने मताधिकार का उपयोग करने घरों से निकल रहे हैं, पहले चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के अररिया पहुंचे जहाँ उन्होंने एक आमसभा को संबोधित किया, उन्होंने कहा जनता-जनार्दन का ये उत्साह महागठबंधन की नींद उड़ाने वाला है। आशीर्वाद देने आए सभी बहनों, भाइयों, माताओं और बुजुर्गों का हृदय से आभार।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,  आज बिहार को विकसित बनाने के लिए पहले चरण का वोट पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर बिहार के अलग-अलग कोने से शानदार तस्वीरें आ रही हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। माताएं-बहनें-बेटियां वोट के लिए बड़ी संख्या में बाहर निकल रही हैं। बिहार के नौजवानों में भी अभूतपूर्व उत्साह है। मैं सभी मतदाताओं का अभिनंदन करता हूं।

गारंटी लिख लो, आपका सपना ही मोदी का संकल्प 

जनता का उत्साह देखते हुए पीएम मोदी ने कहा,  आज पूरे बिहार से एक ही आवाज आ रही है, फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार। बिहार की इसी भावना के पीछे माताओं-बहनों की उम्मीदें हैं और नौजवानों के सपने हैं। उन्होंने कहा नौजवानों, मोदी की ये गारंटी लिख कर रखो – आपका सपना ही, मोदी का संकल्प है।

पीएम मोदी ने बताया जंगलराज का मतलब 

मोदी ने कहा आज मैं आपको आपके वोट की ताकत बताता हूं। आपके दादा-दादी, नाना-नानी के एक वोट ने बिहार को सामाजिक न्याय की भूमि बनाया था। लेकिन फिर 90 का दशक आया और बिहार पर RJD के जंगलराज ने हमला कर दिया। मोदी ने फिर कहा, जंगलराज मतलब – कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, करप्शन और कुशासन। ये जंगलराज की पहचान बन गए और ये बिहार का दुर्भाग्य बन गया। आपके माता-पिता के सपने कुचल दिए गए।

बिहार में विकास का रिपोर्ट कार्ड जीरो

उन्होंने कहा जंगलराज के दौरान बिहार में हुए विकास का रिपोर्ट कार्ड जीरो है। 1990 से लेकर 2005 तक 15 साल, इस जंगलराज ने बिहार को तबाह कर दिया। सरकार चलाने के नाम पर तब सिर्फ आपको लुटा गया। उन्होंने कहा 15 साल के जंगलराज में बिहार में कितने एक्सप्रेस वे बने – जीरो, 15 साल के जंगलराज में बिहार में कोसी नदी पर कितने पुल बने – जीरो, 15 साल के जंगलराज में बिहार में कितने टूरिस्ट सर्किट विकसित हुए – जीरो, 15 साल के जंगलराज में बिहार में मेरे नौजवानों और बेटियों के खेल-कूद के लिए कितने स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स बने – जीरो, 15 साल के जंगलराज में बिहार में कितने मेडिकल कॉलेज बने – जीरो। जंगलराज के उन 15 साल में न बिहार में एक भी IIT आई, न एक भी IIM आया। पूरी एक पीढ़ी का भविष्य RJD के नेता खा गए।

मोदी ने गिनाएं NDA सरकार के विकास कार्य 

मोदी ने कहा NDA की सरकार में नीतीश कुमार ने बहुत मेहनत से बिहार को जंगलराज से बाहर निकाला है। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास में नई तेजी आई है। पटना में IIT खुली है, बोधगया में IIM खुला है, पटना में AIIMS खुला है, दरभंगा AIIMS का काम तेजी से चल रहा है, अब बिहार में National Law University भी है, भागलपुर में IIIT भी है, बिहार में 4 सेंट्रल यूनिवर्सिटी भी स्थापित की गई हैं।

RJD कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने में जुटी 

लेकिन, हमारे इन प्रयासों के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती खड़ी है। वो चुनौती है घुसपैठियों की। NDA सरकार पूरी ईमानदारी से एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर निकालने में जुटी है। लेकिन, ये RJD और कांग्रेस वाले घुसपैठियों को बचाने में जुटे हैं। ये घुसपैठियों को बचाने के लिए भांति-भांति के झूठ फैलाते हैं, लोगों को गुमराह करने के लिए राजनीतिक यात्राएं निकालते हैं।

कांग्रेस-RJD को आस्था से कोई मतलब नहीं

कांग्रेस हो या RJD, इन्हें देश की सुरक्षा और आस्था से कोई मतलब नहीं है। इसलिए ये लोग हमारी आस्था और संस्कृति का भी अपमान करते हैं। कांग्रेस के नामदार बिहार आकर छठी मईया की पूजा को ड्रामा बताते हैं। ये छठी मईया का, हमारी आस्था का अपमान है। हमारी माताएं-बहनें छठी मईया की आराधना में पानी तक नहीं पीती, ये उसे नौटंकी कहते हैं। और RJD वाले नामदार के मुंह पर ऐसी बात आने पर ताला लग जाता है। मुझे विश्वास हो गया है कि बिहार की हमारी माताएं-बहनें समृद्ध बिहार बनाने का संकल्प ले चुकी हैं। और इसलिए वो कभी भी जंगलराज की वापसी नहीं होने देंगी, मेरा ये विश्वास अब पक्का हो चुका है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews