राज्यपाल से मुलाकात के बाद अब अमित शाह से मिलेंगे “दादा”, BJP में जाने की अटकलें तेज

राज्यपाल से मुलाकात के बाद अब अमित शाह से मिलेंगे “दादा”, BJP में जाने की अटकलें तेज

नई दिल्ली, डेस्क रिपोर्ट। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड BCCI के अध्यक्ष सौरव गांगुली (Saurav Ganguli) की भाजपा (BJP) में जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसकी दो वजह है, एक वजह उनकी पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhad) से रविवार की मुलाकात और फिर आज सोमवार को दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के साथ मंच साझा करने का कार्यक्रम। हालांकि “दादा” ने राज्यपाल से मुलाकात को सौजन्य भेंट बताया उधर राज्यपाल ने ट्वीट कर कहा कि उनकी सौरव गांगुली के साथ कई मुद्दों पर चर्चा हुई है।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नजर इस समय पश्चिम बंगाल (West Bengal) में होने वाले विधानसभा चुनावों ( Assembly Election) पर हैं पार्टी किसी भी स्थिति में पश्चिम बंगाल में सत्ता काबिज कर ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को सत्ता से बाहर खदेड़ना चाहती है। सूत्र बताते हैं कि भाजपा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड BCCI के अध्यक्ष सौरव गांगुली “दादा” को चुनाव मैदान में उतार कर ममता बनर्जी को चुनौती दे सकती है।

हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन इन अटकलों को हवा दो घटनाक्रमों ने दी है। पहली घटना रविवार को हुई सौरव गांगुली और राज्यपाल जगदीप धनखड़ की मुलाकात और दूसरी आज सौरव गांगुली और गृह मंत्री अमित शाह की होने वाली मुलाकात। “दादा” ने रविवार को राजभवन जाकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात की थी। हालांकि मुलाकात के बाद मीडिया के सामने सौरव ने से सौजन्य मुलाकात बताया था। “दादा” ने सिर्फ इतना कहा कि राज्यपाल ईडन गार्डन में चल रहे काम के बारे चर्चा करना चाहते थे। इसलिए मिलने आया था। उधर राज्यपाल ने अपने अधिकृत ट्विटर हैंडिल पर इस मुलाकात का फोटो अपलोड किया और लिख कि “दादा” सौरव गांगुली के साथ कई मुद्दों पर चर्चा हुई है।

इस मुलाकात की चर्चा सोशल मीडिया पर चल ही रही थी कि आज दिल्ली में सौरव गांगुली और गृह मंत्री अमित शाह के मंच साझा करने की खबर ने “दादा” के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को और हवा दे दी। दरअसल दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान पर DDCA के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की प्रतिमा का आज अनावरण होना है। इस कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में BCCI के अध्यक्ष सौरव गांगुली को भी आमंत्रित किया गया है। माना जा रहा है कि अमित शाह और सौरव गांगुली के बीच बंगाल की राजनीति पर चर्चा हो सकती है। बहरहाल “दादा” भाजपा जॉइन करेंगे या नहीं ये तो समय बताएगा लेकिन इन अटकलों ने सियासी माहौल को गरमा दिया है।

https://twitter.com/jdhankhar1/status/1343182278306877440

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews