Hindi News

आज भी हरियाणा में जारी रहेगी डॉक्टरों की हड़ताल, ये जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जानिए डॉक्टरों की मांग क्या है?

Written by:Rishabh Namdev
Published:
सोमवार के बाद आज मंगलवार को भी डॉक्टरों की हड़ताल हरियाणा में जारी रहेगी। हरियाणा के कई जिलों में आज भी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे पहले सोमवार को हरियाणा के पंचकूला, सोनीपत और बहादुरगढ़ में सेवाएं प्रभावित रहीं। चलिए जानते हैं डॉक्टरों की मांग क्या है।
आज भी हरियाणा में जारी रहेगी डॉक्टरों की हड़ताल, ये जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जानिए डॉक्टरों की मांग क्या है?

हरियाणा में डॉक्टरों की हड़ताल का आज दूसरा दिन है। डायरेक्ट सीएमओ भर्ती सहित विभिन्न मांगों पर समाधान न होने के चलते डॉक्टर हड़ताल कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को भी डॉक्टरों की हड़ताल देखने को मिली। सोमवार सुबह ओपीडी शुरू होने के बावजूद हरियाणा के कई जिलों में डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, जिसके चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डॉक्टरों की हड़ताल से हरियाणा के कई जिलों में सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हो गईं। इन जिलों में मुख्य तौर पर पंचकूला, सोनीपत और बहादुरगढ़ शामिल रहे।

हालांकि कई जिलों में सेवाएं सामान्य भी दिखाई दीं, जिनमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल शामिल रहे। जबकि प्रभावित इलाकों को देखते हुए भिवानी और हिसार में धारा 163 का प्रतिबंध लगा दिया गया। हिसार में भी सेवाएं सामान्य नजर आईं।

कई जिलों में स्वास्थ्य सेवा सामान्य

हिसार में डीसी ने निरीक्षण किया और उसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं को सामान्य बताया गया। हिसार में वैकल्पिक स्टाफ, मेडिकल स्टाफ और पीजी स्टूडेंट्स द्वारा ओपीडी व इमरजेंसी सुविधा चलाई जा रही है। इससे पहले सोमवार को हुई हड़ताल में मरीजों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। हड़ताल के बीच कई मरीज अस्पतालों में परेशान होते दिखे, लेकिन इसी बीच हड़ताल के दौरान झज्जर में इमरजेंसी में पहुंची एक महिला को समय से देख कर पीजीआई रेफर किया गया। इस मामले पर डॉक्टरों का कहना था कि अगर समय पर महिला को उपचार नहीं मिलता तो हालत बिगड़ सकती थी।

डॉक्टरों की मांग क्या है?

वहीं दूसरी ओर SMO संगठन द्वारा फिर से चेतावनी दी गई है कि अगर मांगे नहीं मानी गईं तो 10 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी। बता दें, डॉक्टर तीन प्रमुख मांगों के लिए हड़ताल कर रहे हैं। पहली मांग है CMO की सीधी भर्ती पर रोक लगाने की। डॉक्टर CMO की सीधी भर्ती का विरोध कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि विभाग से होने वाला प्रमोशन मिलना चाहिए। दूसरी मांग है कि केंद्र के समान प्रमोशन दिया जाए। दरअसल मेडिकल एसोसिएशन और सरकार के बीच कैरियर प्रमोशन पर पेंच फंसा हुआ है। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें केंद्र के समान 4 ACP, 4, 9, 13 और 20 साल की सेवा के बाद — प्रदान की जानी चाहिए। तीसरी और अंतिम मांग है कि ग्रेड पे बढ़ाया जाना चाहिए। संगठन तीसरी ग्रेड पे को 9500 करने की मांग कर रहा है, जबकि फिलहाल उन्हें 7600 ग्रेड पे मिलता है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews