दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को लिखा पत्र, नर्मदापुरम में मूंग खरीदी घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग

Digvijaya Singh

Digvijaya Singh on Chidambaram Statement

Digvijaya Singh wrote a letter to CM Shivraj : दिग्विजय सिंह ने नर्मदापुरम जिले में संचालित वेयरहाउसों में मिट्टी और कचरा युक्त मूंग खरीदी में करोड़ों रूपयों के घोटाले का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की है। उन्होने राज्य स्तर से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर मामले की उच्च स्तर से जांच कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस घोटाले में लिप्त दोषियों पर FIR करने के निर्देश दिए जाएं।

दिग्विजय सिंह द्वारा लिखा पत्र

‘प्रिय श्री शिवराज सिंह चौहान जी, मध्यप्रदेश शासन द्वारा नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में संचालित एक वेयरहाउस में 7346 क्विंटल मूंग में मिट्टी और कचरा पाया गया है। जिसे मूंग मानकर 7755 रूपये क्विंटल के भाव से खरीदी गई है। इस घोटाले की खबर जब सार्वजनिक हुई तो कार्यवाही भी दिखावे के तौर पर की गई है। इस घोटाले की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाह रहा हूँ। जिला विपणन अधिकारी द्वारा कराई गई जांच में 42 हजार क्विंटल मूंग अमानक पाई गई है। यह एक बड़ा घोटाला है, जिसकी राज्य स्तर से दल गठित कर जांच कराई जानी चाहिये।’

‘जिला मुख्यालय से प्रकाशित एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित एक खबर के अनुसार सरकार द्वारा समर्थन मूल्य की सरकारी उपज खरीदी में भ्रष्टाचार रोकने के उद्देश्य से प्रायवेट कंपनियों को निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण का जिम्मा दिया गया है। नर्मदापुरम जिले में प्राइवेट कंपनियों द्वारा 7755 रूपये प्रति क्विंटल के भाव से मूंग के नाम पर मिट्टी मिली मूंग की खरीदी कर ली। इसके पश्चात भी कार्यवाही भी सिर्फ एक ही वेयरहाउस पर की गई, जबकि कुल 101 वेयरहाउसों में खरीदी की गई थी। कांग्रेस नेता पुष्पराज सिंह पटेल और श्रीनारायण काबरा ने बताया कि कुछ वेयरहाउसों से मिट्टी मिली मूंग के बोरे गायब कर दिये गये है ताकि प्रशासन की कार्यवाही से बचा जा सके। नेताद्वय ने बताया कि जिले में उन वेयरहाउसों पर खरीदी की गई थी, जिनके संचालक सत्ताधारी दल भाजपा से जुड़े है। इनमें से कुछ गेंहू खरीदी में ब्लैक लिस्ट भी किये गये थे। लेकिन राजनैतिक दबाव के चलते इन केन्द्रों पर मूंग खरीदी गई जो अब अमानक पाई है। जिले में जन-जन तक पहुंचकर भ्रष्टाचार का विषय बनी अमानक मूंग खरीदी की सूची पत्र के साथ संलग्न है।’

‘मेरा आपसे अनुरोध है कि नर्मदापुरम जिले में संचालित वेयरहाउसों में मिट्टी और कचरा युक्त मूंग खरीदी के इस करोड़ों रूपयों के घोटाले की राज्य स्तर से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर उच्च स्तर से जांच कराते हुए इसमें लिप्त दोषियों पर एफ.आई.आर. दर्ज करने के सख्त निर्देश देने का कष्ट करें।’

सहयोग के लिये मै आपका आभारी रहूँगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews