Hindi News

सतना गोलीकांड पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने उठाए MP की कानून व्यवस्था पर सवाल, जीतू पटवारी ने की नए गृहमंत्री की माँग

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
सोमवार रात जैतवारा थाने में बैरक में घुसकर एक नकाबपोश बदमाश ने पुलिसकर्मी को गोली मार दी। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरा है और एक बार फिर दोहराया है कि पुलिसकर्मियों के पास न तो आवश्यक संसाधन हैं न ही आधुनिक ट्रेनिंग। कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों द्वारा सांसद-विधायकों को सैल्यूट करने का आदेश वापस लेने की माँग भी की है।
सतना गोलीकांड पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने उठाए MP की कानून व्यवस्था पर सवाल, जीतू पटवारी ने की नए गृहमंत्री की माँग

Jitu Patwari

Jitu Patwari Demands New Home Minister : सतना में पुलिसकर्मी को थाने में घुसकर गोली मारने की घटना के बाद एक बार फिर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से माँग करते हुए कहा है कि तुरंत किसी पूर्णकालिक, जिम्मेदार और सशक्त व्यक्ति को गृहमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जाए..वरना हालात और बेकाबू हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, हालात जंगलराज से भी बदतर हो चुके हैं। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आम जनता असहाय और असुरक्षित महसूस कर रही है। इसी के साथ उन्होंने पुलिस कर्मचारियों-अधिकारियों को सांसद-विधायकों को सैल्यूट करने का आदेश वापस लेने की माँग भी की।

सतना में पुलिसकर्मी को मारी गोली

बता दें कि सतना जिले के जैतवारा थाने में सोमवार देर रात एक नकाबपोश बदमाश थाने की बैरक में घुस आया और उसने ड्यूटी से लौटे प्रधान आरक्षक को गोली मार दी। इस घटना में पुलिसकर्मी के कंधे पर गोली लगी और उसे उन्हें इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

जीतू पटवारी ने कहा ‘किसी और को सौंपा जाए गृहमंत्री का दायित्व’

इस घटना के बाद कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने ये माँग भी की कि किसी और को गृहमंत्री का दायित्व सौंपा जाए। जीतू पटवारी ने कहा कि ‘आज पुलिस के कर्मचारी को अपराधियों ने थाने में जाकर गोली मारी। आपकी कानून व्यवस्था का असली चेहरा फिर एक बार प्रदेश और देश के सामने आ गया है। कल बीजेपी नेता रामनिवास रावत जी के समर्थक ने एक दलित के शव को जलने से रोक दिया। कुछ दिन पहले एक मंत्री के समर्थकों ने एक दलित व्यक्ति की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वो बाबा साहब के जन्मदिन पर डीजे बजा रहा था। ये मध्यप्रदेश की वस्तुस्थिति है। ये घटनाएं बताती है कि कानून व्यवस्था मध्यप्रदेश में बची नहीं है। मेरा आपसे विनम्र आग्रह है कि जितनी जल्दी हो किसी योग्य व्यक्ति को गृहमंत्री का दायित्व दो। प्रदेश हम सबका है।’

‘सैल्यूट’ का आदेश वापस लेने की मांग 

इसी के साथ उन्होंने पुलिस बल के मनोबल को मज़बूत करने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया और ‘सैल्यूट’ करने के आदेश को वापस लेने की माँग भी की। उन्होंने कहा कि ‘आपकी ये भावना कि पुलिस का काम नेताओं को सैल्यूट मारना है..मैं समझता हूं पुलिस के मनोबल को गिराएगा। पुलिस के मनोबल को उठाना गृहमंत्री होने के साथ आपका दायित्व है। पुलिस बल के लिए संसाधन बढ़ाए जाएँ..थाने पर पुलिस बल बढ़ाया जाए। दुनिया की सबसे अच्छी पुलिसिंग की स्टडी कराई जाए और उस आधार पर मध्यप्रदेश में उस पुलिसिंग की व्यवस्था कैसे करें कि हमारी पुलिस नंबर वन पर आए इसे लेकर काम हो। कानून व्यवस्था में सुधार हो। आज सतना में पुलिस कर्मचारी के साथ गोलीबारी नहीं हुई है..मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था के साथ गोलीबारी हुई है। कृपया इस घटना को गंभीरता से लें। और सांसद-विधायकों को सैल्यूट करने के आदेश को भी वापस लिया जाना चाहिए।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews