Hindi News

राजवाड़ा पर टैक्स बकायादारों की सूची सार्वजनिक: निगम की सख्ती, बर्खास्त पार्षद कादरी भी शामिल

Written by:Bhawna Choubey
Published:
Last Updated:
इंदौर नगर निगम ने टैक्स वसूली के लिए अपनाया अनोखा तरीका। शहर के दिल राजवाड़ा पर बकायादारों के नाम चस्पा किए गए, जिसमें बर्खास्त पार्षद अनवर कादरी से जुड़ा नाम भी शामिल, शहरभर में मचा हड़कंप।
राजवाड़ा पर टैक्स बकायादारों की सूची सार्वजनिक: निगम की सख्ती, बर्खास्त पार्षद कादरी भी शामिल

इंदौर (Indore) का राजवाड़ा, जहां कभी रंगों की गेर निकलती है, जहां चुनावी सभाओं की गूंज रहती थी और जहां हर त्योहार पर शहर की धड़कन महसूस होती है। उसी ऐतिहासिक राजवाड़ा पर अब नगर निगम ने ऐसा कदम उठाया है, जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। नगर निगम ने बकायादारों के नामों के होर्डिंग राजवाड़ा पर लगाकर सार्वजनिक कर दिए हैं।

दोपहर में अचानक लगाए गए इन होर्डिंग्स को देखकर राहगीर ठिठक गए। कोई अपने परिचित का नाम ढूंढता दिखा, तो कोई खुद का। निगम की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब टैक्स न चुकाने वालों के खिलाफ सख्ती तय है। खास बात यह कि इस सूची में बर्खास्त पार्षद अनवर कादरी से जुड़ा नाम भी शामिल है।

इंदौर नगर निगम का नया प्रयोग

इंदौर नगर निगम लंबे समय से संपत्तिकर और अन्य करों की वसूली को लेकर परेशान था। कई बार नोटिस भेजे गए, व्यक्तिगत संपर्क किया गया, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग वर्षों से टैक्स नहीं जमा कर रहे थे। अब निगम ने राजस्व बढ़ाने के लिए नाम सार्वजनिक करने का रास्ता चुना है। राजवाड़ा पर लगाए गए इन होर्डिंग्स में जोन-3 के तीन वार्डों के 100 से अधिक बकायादारों के नाम दर्ज हैं। इन पर 50 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक का टैक्स बकाया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कदम अंतिम चेतावनी के तौर पर उठाया गया है।

राजवाड़ा क्यों चुना गया?

राजवाड़ा केवल एक चौराहा नहीं, बल्कि इंदौर की पहचान है। यहां से हर बड़ा आयोजन जुड़ा रहा है, चाहे रंगपंचमी की गेर हो, पारंपरिक झांकियां हों या राजनीतिक सभाएं। ऐसे में नगर निगम ने जानबूझकर राजवाड़ा को चुना, ताकि संदेश सीधा और स्पष्ट जाए। अधिकारियों के अनुसार, हम चाहते थे कि बकायादारों तक यह बात मजबूती से पहुंचे कि अब लापरवाही नहीं चलेगी। यही वजह है कि यह होर्डिंग कौतूहल का विषय बन गया। लोग रुक-रुककर नाम पढ़ते दिखे, तस्वीरें खींची गईं और शहरभर में इस पर चर्चा शुरू हो गई।

सूची में बर्खास्त पार्षद अनवर कादरी से जुड़ा नाम

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा ध्यान खींचा बर्खास्त पार्षद अनवर कादरी से जुड़े नाम ने। होर्डिंग में उनकी पत्नी जुलेखा कादरी का नाम दर्ज है, जिन पर करीब तीन लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया बताया जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। निगम अधिकारियों ने साफ किया है कि यह कार्रवाई पद, पहचान या राजनीतिक हैसियत देखकर नहीं की गई। जो भी बकायादार है, उसका नाम सूची में शामिल किया गया है।

दोपहर में लगा होर्डिंग, लोगों की लगी भीड़

जैसे ही राजवाड़ा पर होर्डिंग लगाया गया, कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग अपने नाम खोजते नजर आए, कुछ ने परिचितों को फोन कर जानकारी दी, सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने लगीं। यह दृश्य अपने आप में अनोखा था। आमतौर पर जहां त्योहारों की रौनक होती है, वहां अब टैक्स बकायादारों की सूची चर्चा का केंद्र बन गई।

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews