अगर आप सरकारी नौकरी का मौका ढूंढ रहे हैं और मेडिकल सेक्टर में अपना योगदान देना चाहते हैं तो आपके लिए दिल्ली AIIMS में नौकरी का सुनहरा अवसर आया है। दिल्ली एम्स ने साइंटिस्ट से लेकर डाटा एंट्री ऑपरेटर तक कई पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। बता दें कि इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है, जबकि इच्छुक उम्मीदवार 17 नवंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
दरअसल, दिल्ली एम्स ने प्रोजेक्ट साइंटिस्ट, प्रोजेक्ट तकनीशियन और डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसे पदों को भरने का काम शुरू कर दिया है। संस्थान द्वारा इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। अगर आप भी आवेदन करना चाहते हैं तो आप एम्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता पर नजर डालें
अगर आवेदन करने के लिए शैक्षणिक योग्यता पर नजर डालें तो बता दें कि अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग योग्यता रखी गई है। अगर आप प्रोजेक्ट साइंटिस्ट के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो इसके लिए आपके पास पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही SPSS और STATA जैसे डाटा एनालिसिस सॉफ्टवेयर का नॉलेज होना भी जरूरी है। वहीं अगर आप प्रोजेक्ट टेक्नीशियन सपोर्ट-3 के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो आपके पास किसी भी विषय में ग्रेजुएट की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ ही MS ऑफिस और डाटा मैनेजमेंट का अच्छा नॉलेज होना चाहिए।
प्रोजेक्ट टेक्नीशियन सपोर्ट-1 के लिए
अगर आप प्रोजेक्ट टेक्नीशियन सपोर्ट-1 के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो इसके लिए उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं पास होना अनिवार्य है, साथ ही MLT या DMLT का डिप्लोमा भी जरूरी है। इसके अलावा अगर आप डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो इसके लिए आपके पास ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ MS ऑफिस का नॉलेज होना अनिवार्य है।
आयु सीमा
वहीं, आयु सीमा की बात की जाए तो आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु सीमा अधिकतम 28 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि यह आयु सीमा पद के अनुसार अलग-अलग हो सकती है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र में सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।
सैलरी पर नजर डालें
वहीं सैलरी पर नजर डालें तो बता दें कि प्रोजेक्ट साइंटिस्ट के रूप में चयनित उम्मीदवार को हर महीने ₹56,000 की सैलरी मिलेगी, जबकि प्रोजेक्ट टेक्नीशियन सपोर्ट-3 के रूप में चयनित होने वाले उम्मीदवारों को ₹28,000 प्रतिमाह की सैलरी मिलेगी। प्रोजेक्ट टेक्नीशियन सपोर्ट-1 के लिए हर महीने ₹18,000 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में चयनित उम्मीदवारों को ₹29,000 प्रतिमाह सैलरी दी जाएगी।
कैसे कर सकते हैं आवेदन?
अगर आप भी इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो बता दें कि आपको सबसे पहले एम्स की आधिकारिक वेबसाइट www.aiims.edu पर जाना होगा। इसके बाद होम पेज पर आपको भर्ती का सेक्शन दिखाई देगा। इसके बाद आप संबंधित भर्ती नोटिफिकेशन पर क्लिक करें। इसमें आपको आवेदन फॉर्म दिखाई देगा, जिसे आप ध्यानपूर्वक भरें। इसके बाद आपसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, फोटो और हस्ताक्षर मांगे जाएंगे। इन्हें अपलोड करने के बाद आप फॉर्म को सबमिट कर सकते हैं। याद रखें कि फॉर्म का प्रिंट आउट लेना न भूलें।





