BJP ने MP Election 2023 के लिए रवाना किये “MP के मन में मोदी” लिखे हाईटेक प्रचार रथ, प्रदेश की 230 विधानसभाओं में बतायेंगे सरकार की उपलब्धि

MP Election 2023

MP Election 2023 : भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कार्यालय भोपाल से आज गुरुवार को प्रदेश की 230 विधानसभाओं के लिए हाईटेक प्रचार रथ रवाना किये, प्रचार रथ के ऊपर लिखा है “MP के मन में मोदी”, इस मौके पर मौजूद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि हम एक बार फिर स्वर्णिम मध्य प्रदेश बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिस कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को पिछड़ा और बीमारू राज्य बना दिया था हमने जनता के सहयोग से पीएम मोदी के आशीर्वाद से उसे बदल दिया है अब सब तरह सिर्फ विकास और प्रगति है, हम इसी आधार पर फिर जनता से आशीर्वाद मांगने जा रहे हैं।

सीएम शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिखाई हरी झंडी 

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथों को रवाना किया, रथों में एक बड़ी सी LED लगी है, जिसपर भाजपा सरकार की उपलब्धियां वीडियो फोर्मेट में दिखाई जाएँगी, एक QR कोड है जिसे स्कैन करते ही जनता भाजपा से जुड़ जाएगी और उसकी उपब्धियों के बारे में जान सकेगी,  इसके अलावा और भी कई विशेषताएं प्रचार रथ में हैं। भोपाल के साथ साथ ये कार्यक्रम ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर और रीवा में भी सीधा प्रसारित हुआ और प्रचार रथ रवाना किये गए।

2003 में जनता ने कांग्रेस के कुशासन से प्रदेश को मुक्त किया : शिवराज 

सीएम शिवराज से इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू और पिछड़ा राज्य बना दिया था लेकिन जनता ने 2003 में कांग्रेस के कुशासन वाली सरकार को उखाड़ फेंका और भाजपा को मौका दिया, तब से केवल सवा साल छोड़कर भाजपा प्रदेश की जनता की सेवा कर रही है, 2003 से 2014 तक हमें केंद्र की मनमोहन सरकार से सहयोग नहीं मिला फिर 2014 में जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने तब से प्रदेश डबल इंजन की सरकार की मदद से मध्य प्रदेश प्रगति और विकास के रास्ते पर है।

शिवराज बोले , आज देश के मन में मोदी, एमपी के मन में मोदी बसे हैं 

उन्होंने कहा कि आज मप्र में 5 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल है, 47 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा है, 29 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन है, कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जिसमें प्रगति नहीं हुई हो, मैं यहाँ इसे गिना नहीं सकता, जन कल्याण की योजनायें हमारी सरकार ने बनाई हैं क्योंकि हम सरकार नहीं परिवार चलते हैं, शिवराज ने कहा कि  मोदी जी दुनिया के मन में हैं, देश के मन में मोदी, एमपी के मन में मोदी, जन जन के मन में मोदी हैं,  वे अपने काम के कारण जनता के दिलों में है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और कमलनाथ पर कसा तंज 

शिवराज ने कमलनाथ और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हम जनता को अपने काम बता रहे हैं लेकिन कुछ लोग श्मशान में तांत्रिक क्रिया करा रहे हैं, ये लोकतंत्र है  इसमें साधना किसी की होती है तो जनता की होती है, जनता की सेवा करो, कल्याण करो, हमने किया है तो हम उस आधार पर वोट मांगने जा रहा हैं, श्मशान घाट में पूजा कराने वालों से कैसे देश प्रदेश का भला होगा?

कमलनाथ को अपने ऊपर भरोसा नहीं है इसलिए तांत्रिक क्रियाएं करा रहे : शिवराज 

उन्होंने कहा कि तांत्रिक क्रिया करानी थी तो तब कराते जब पानी नहीं गिरा, मैं तो महाकाल की शरण में गया था प्रदेश को आशीर्वाद मिला बारिश हुई, उन्होंने कहा , मुझे तकलीफ होती है कि चुनाव जीतने के लिए कमलनाथ तांत्रिक क्रिया करा रहे हैं यानि अपने ऊपर भरोसा ही नहीं है, अरे योजनायें बंद करने का पाप कांग्रेस ने किया है , जिसकी सजा उसे मिलेगी, हम जनता की सेवा के लिए फिर जा रहे है अभी और जाना है, हमें अभी पांच साल और आगे जाना है, मप्र की चर्चा पूरी दुनिया में होगी इसी संकल्प के साथ रथ जा रहे हैं।

मप्र विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नंबर एक बनेगा : वीडी शर्मा 

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार ने जो काम किया है,  चुनाव अभियान की द्रष्टि से 230 विधानसभा में LED रथ, वीडियो रथ भेज रहे हैं , एमपी के मन में मोदी लिखे रथ जनता  के बीच जायेंगे और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां बताएँगे कि कैसे बीमारू राज्य को विकसित प्रदेश के रूप में लाकर खड़ा कर दिया है, मप्र फिर स्वर्णिम मप्र बनेगा , विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नंबर एक बनेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews