Hindi News

Priyanka Gandhi in Dhar : प्रियंका गांधी ने कहा ‘शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया है’, जनता से अपील- अपने अनुभव के आधार पर दें वोट

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
Last Updated:
Priyanka Gandhi in Dhar : प्रियंका गांधी ने कहा ‘शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया है’, जनता से अपील- अपने अनुभव के आधार पर दें वोट

Priyanka Gandhi in Dhar : प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया है, अब आप कृष्णरुपी बन जाओ और कृष्ण भगवान की तरह इन्हें निकाल दो।’ धार जिले के मोहनखेड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि ये देश आपका है, ये प्रदेश आपका है, ये भविष्य भी आपका है। आने वाली पीढ़ी भी आपकी है तो जिम्मेदारी भी आपकी है। कांग्रेस पार्टी भी आपकी है, हम सब भी आपके हैं। उन्होने जनता से कहा कि संविधान ने आपको वोट देने की सबसे बड़ी शक्ति दी है और अपने अनुभवों के आधार पर अपनी ताकत का सही इस्तेमाल कीजिए।

प्रियंका ने कहा ‘इस जगह से पुराना रिश्ता है’

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने धार पहुंचकर पहले मोहनखेड़ा स्थित तीर्थस्थल में पूजन किया और प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। बता दें कि धार के मोहनखेड़ा को कांग्रेस शुभ मानती है। 1977 में इंदिरा गांधी भी यहां आ चुकी हैं और इसके बाद  2000 में सोनिया गांधी भी यहां आई थीं। अब 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में अपने तीसरे दौरे परर मोहनखेड़ा पहुंचीं। इससे पहले वे जबलपुर और ग्वालियर आ चुकी हैं।

जनता से अपने अनुभव के आधार पर वोट देने की अपील

यहां जनता को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने आदिवासियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं पर खास तौर पर अपना फोकस रखा। उन्होने कहा कि यहां के लोगों के साथ उनकी दादी श्रीमती इंदिरा गांधी का एक भावनात्मक जुड़ाव था और उन्हें आपपर पूरा भरोसा था। उन्होने कहा कि आज यहां खड़े होकर उन्हें भी उस रिश्ते की याद आती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि वो समय कुछ और था लेकिन आज परिस्थितियां अलग हो चुकी हैं। आज नेता चुनाव के समय आपके पास आते हैं।

मोदी जी के भाषण का हवाला देते हुए उन्होने कहा कि मुझे ताज्जुब है कि हम सभी लगभग एक ही बात करते हैं। वो हमपर और हम उनपर घोटालों के आरोप लगाते हैं, दोनों ही विकास के दावे करते हैं। ऐसे में जनता को कैसे पता चलेगा कि आखिर कौन सच कह रहा है। प्रियंका ने कहा कि जनता को अपने अनुभव से समझ आएगा कि कौन सी पार्टी सच कह रही है। अगर आपको लगता है कि पिछले 18 साल में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ी है, किसानों आदिवासियों के साथ अत्याचार बढ़े हैं, महिलाओं का उत्पीड़न बढ़ा है और हर जगह घोटाले हुए हैं तो आप अपने इस अनुभव के आधार पर समझ सकते हैं कि कौन की पार्टी आपको गुमराह कर रही है। आप अपना जीवन देखिए और अनुभव देखिए फिर इस आधार पर निर्णय लीजिए।

‘शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया’

प्रियंका गांधी ने कहा कि शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया है, अब कृष्ण बनकर इनको खतम कर दो। उन्होने कहा कि मुझे यहां के लोगों ने ही कहा कि ‘राजा जा रहा है’। उन्होने कहा कि इस बार हमारा वोट रोजगार के लिए जाएगा। उन्होने कहा कि अगर आप सोच समझकर अपना वोट देंगे, तो आपका एक एक वोट कांग्रेस के पक्ष में जाएगा। अगर आप धर्म जाति जैसे मुद्दों पर गुमराह नहीं होंगे तो आप सच का साथ देंगे। उन्होने कहा कि आप अपनी आंख अर्जुन की तरह निशाने पर रखिए, ये निशाना आपका भविष्य है, मध्य प्रदेश का भविष्य है। जिस दिन आप वोट देने जाएं तो अपने विवेक का इस्तेमाल कीजिए और याद रखिए कि ये वोट आपके लिए जाना चाहिए। अगर आप इस तरह से अपने विवेक और अनुभव से सोचेंगो तो आपका एक-एक वोट कांग्रेस के खाते में जाएगा। प्रियंका ने कहा कि इस देख को मजबूत बनाने वाली, देश को स्वतंत्र बनाने वाली, देश को एक रखने वाली, देश में विकास लाने वाली एक ही पार्टी है..कांग्रेस पार्टी।

युवाओं का भविष्य दांव पर लगा

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की आंधी इस देश का नौजवान है। अब आपके जागने का समय आ गया है।आपको बचाने के लिए कोई आंधी नहीं आ रही है, आप खुद को बचाइये। बीजेपी सरकार के घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होने कहा कि यहां बार बार भर्ती परीक्षाओं में घोटाले हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। किसान परेशान है, महिलाएं अत्याचार की शिकार हैं। इनका अहंकार बहुत बढ़ गया है और खुलेआम लूट हो रही है। यहां किसी पर कोई रोक नहीं है, लगाम नहीं है। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन नहीं मिल रही, किसानों का कर्ज माफ नही हो रहा लेकिन अडाणी जी के हजारों करोड़ का लोन माफ हो रहा है। उन्होने कहा कि अगर आप सवाल नहीं करेंगे तो आपका भविष्य बर्बाद होगा। आपके आने वाले दिन अच्छे नहीं बुरे होंगे।

बीजेपी और पीएम मोदी को घेरा

उन्होने कहा कि अब चुनाव पास आते ही बीजेपी को घोषणाएं करने की याद आई है। कल तक यहां गैस सिलेंडर 1125 में मिल रहा था अब चुनाव आया तो दाम कम कर दिए। चुनाव आया तो मोदी जी हर दो दिन में यहां आकर कोई उद्घाटन कर रहे हैं। आखिर उन्हें 18 साल में समय क्यों नहीं मिला। यहां आकर भी वे शिवराज सिंह चौहान का नाम नहीं ले रहे हैं। मोदी जी अपने 50 मिनट के भाषण में 50 बार कांग्रेस का नाम लेते हैं। मेरी मोदी जी को सलाह है कि वो 50 मिनट में विकास का नाम लेकर दिखाएं। ये बता दें कि उन्होने इंदौर और मध्य प्रदेश के लिए क्या किया। उन्होने महिला रिजर्वेशन बिल में ओबीसी रिजर्वेशन लागू करने की मांग के साथ कहा कि भले ही संसद में बिल पास हो गया हो लेकिन ये अगले दस सालों के लिए लागू ही नहीं होगा। उससे पहले जातीय जनगणना और परीसीमन करना होगा। तो इस घोषणा का मतलब कुछ नहीं है। मोदी जी महिलाओं को मजाक समझ रहे हैं। ये हमारा अधिकार है कि हमें आरक्षण मिले, वे कोई अहसान नहीं कर रहे है। उन्होने कहा कि संविधान में सबसे लिए समान अधिकार है फिर ये जातिगत जनगणना के नाम पर खामोशी क्यो साध लेते हैं।

कांग्रेस की गारंटी

एक बार फिर कांग्रेस की गारंटी की घोषणा करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि ये सिर्फ हमारी चुनावी घोषणाएं नहीं है..ये कांग्रेस की नीतियां है। हमारे लिए आप सर्वोपरि है। कांग्रेस आपके लिए कछ गारंटियां लाई है और आप देख सकते हैं कि कांग्रस शासित प्रदेशों में ये गारंटी लागू हो रही है या नहीं। जहां जहां हमारी सरकार है, वहां हमारी दी गई हर गारंटी पूरी हो रही है।

  • किसानों की कर्जमाफी फिर शुरु होगी
  • 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजल हाफ
  • पुरानी पेंशन योजना लागू होगी
  • गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा
  • महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1500 रुपये आएंगे
  • किसानों को 5 हॉर्सपावर सिंचाई बिजली मुफ्त मिलेगी

प्रियंका गांधी ने कहा कि ये देश ये प्रदेश ये भविष्य आपका है तो आपकी जिम्मेदारी है कि आप सही लोगों को चुनें। आपको संविधान ने बड़ी शक्ति दी है। अब तक आपने बहुत इश्तिहार देख लिए लेकिन वो कोई काम जमीन पर नहीं हो रहा है। और जब तक कोई भी नेता या पार्टी इन कार्यों को जमीन पर नहीं उतारेंगे, अपने वादों पर खरे नहीं उतरेंगे तब तक आपका कीमती वोट उनके पास नहीं जाएगा। उन्होने कहा कि अगर आप विवेकपूर्ण निर्णय लेंगे तो आपका हर वोट आपके स्वयं के पक्ष में जाएगा, कांग्रेस के पक्ष में जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews