
Gwalior News : प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की विधानसभा में आज कांग्रेस ने धरना दिया, मंत्री के दावों से उलट कांग्रेस ने आंकलित खपत के बिल, भारी भरकम बिल, अघोषित कटौती जैसे कई गंभीर आरोप लगाये और सरकार के खिलाफ धरना दिया, कांग्रेस ने कहा कि ऊर्जा मंत्री और उनकी सरकार नौटंकी क्यों कर रही है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियाँ 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां कर रही हैं, शिवराज सरकार और उनकी पार्टी भाजपा जहां विकास कार्यों को गति दे रहे हैं वहीं कांग्रेस जनता की समस्या को उठाकर सरकार और भाजपा को घेर रही है, इसी क्रम में आज एक बार फिर कांग्रेस ने धरना दिया।
कांग्रेस प्रदेश महा सचिव सुनील शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस ने आज ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की विधानसभा ग्वालियर विधानसभा में तानसेन नगर बिजली घर के बाहर धरना दिया। धरने में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सहित स्थानीय निवासी शामिल हुए।

सुनील शर्मा ने कहा कि ऊर्जा मंत्री की विधानसभा में ही लोग बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं यहाँ अघोषित बिजली कटौती हो रही है, आंकलित खपत के बिल दिए जा रहे हैं, लोगों को भारी भरकम बिल दिए जा रहे हैं उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं, लेकिन मंत्री जी चुप है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि एक समय था जब प्रद्युम्न सिंह तोमर नसेनी पर चढ़कर खुद कटे हुए बिजली कनेक्शन जोड़ते थे और आज वे लोगों पर प्रकरण दर्ज करवा रहे हैं ये दोहरा चरित्र और नौटंकी कांग्रेस नहीं चलने देगी। कांग्रेस पहले भी गरीबों के साथ थी और आज भी है।
[dgv_vimeo_video id=”791135952″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

