Gwalior News : …जब अचानक सिंधिया के पैरों को पकड़ कर बैठ गए एक बुजुर्ग, तब हुआ ये

Gwalior News : …जब अचानक सिंधिया के पैरों को पकड़ कर बैठ गए एक बुजुर्ग, तब हुआ ये

ग्वालियर, अतुल सक्सेना।  केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) के साथ मंगलवार को एक ऐसा वाकया हुआ जिसे देखकर सिंधिया चौंक गए। मुलाकात के दौरान एक बुजुर्ग ने अचानक सिंधिया के पैर पकडे और जमीन पर बैठ गए। सिंधिया ये देखकर आश्चर्य में पड़ गए उन्होंने बुजुर्ग को उठाया और उनसे परेशानी पूछी, जैसे ही बुजुर्ग ने परेशानी बताई सिंधिया ने स्टाफ को इशारा किया और बुजुर्ग को महल के अंदर पहुंचा दिया। बताया जा रहा है कि परेशान बुजुर्ग ने किसी बड़ी परेशानी और सम्बंधित अधिकारी की शिकायत सिंधिया से की है।

दर असल केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज मंगलवार को अचानक ग्वालियर (Gwalior) पहुंचे।  हालाँकि मंगलवार के दौरे की पहले अधिकृत सूचना जारी की गई थी फिर बाद में इसके निरस्त होने की सूचना भी दी गई थी।  खैर मंगलवार को  केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर पहुंचे।  वे अपने महल जयविलास पैलेस में लोगों से मुलाकात कर रहे थे  इसी दौरान भीड़ में से एक बुजुर्ग आगे बढ़े और सिंधिया के पैरों को पकड़ते हुए जमीन झुक गए।

ये भी पढ़ें – VIDEO: शिवपुरी कलेक्टर ने बच्चे को गोद में उठाया और फिर अपनी कुर्सी पर बैठाकर सुनी समस्या

अचानक एक बुजुर्ग को पैर पकड़ते देख सिंधिया असहज हो गए उन्होंने दोनों हाथ से बुजुर्ग के कंधे पकड़कर उन्हें उठाया और परेशानी पूछी। बुजुर्ग ने सिंधिया के कान में कुछ कहा और एक शिकायती लिखित पत्र सिंधिया को सौंप दिया। पत्र मिलते ही सिंधिया ने अपने निजी सचिव को वो पत्र देते हुए निर्देश दिए कि इनकी परेशानी दूर की जाये, साथ ही इशारा भी किया कि बुजुर्ग को महल के अंदर ले जाया जाये। मतलब साफ़ था कि मीडिया से दूर रखा जाये।

ये भी पढ़ें – Gwalior News : गुरुद्वारा दाताबंदी छोड़ पर मत्था टेका सिंधिया ने, बोले सिख समाज का सेवा भाव, प्रेम की सीख देता है

सिंधिया का इशारा मिलते ही स्टाफ तत्काल बुजुर्ग को महल (जयविलास पैलेस) के अंदर ले गए।  इस घटनाक्रम के दौरान मौजूद प्रशासनिक अधिकारी भी सकते में आ गए और शिकायती पत्र की बात सुनकर उनके हाथ पांव फूल गए।  हालाँकि बुजुर्ग के शिकायती पत्र में क्या था और उन्होंने किस परेशानी जिक्र किया है ये पता नहीं चल सका है लेकिन सूत्र बताते हैं कि बुजुर्ग ने अपने परेशानी के साथ किसी अधिकारी की भी शिकायत की है।

ये भी पढ़ें – Gold Silver Rate : चांदी की कीमत में तेजी, सोना पुराने रेट पर, जानिए ताजा रेट

गौरतलब है कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज मंगलवार को अचानक ग्वालियर पहुंचे वे ग्वालियर किले पर स्थित गुरुद्वारा दाताबंदी छोड़ के 400 साल वे कार्यक्रम में शामिल हुए और गुरूद्वारे में मत्था टेका।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews