Hindi News

ये डॉक्टर है या… दबंगई दिखाने रात को कर दी फायरिंग, दहशत में कॉलोनी के लोग, पुलिस ने लिया हिरासत में

Written by:Atul Saxena
Published:
पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी डॉक्टर नशे की हालत में था या फिर किसी अन्य विवाद की वजह से उसने फायरिंग की।
ये डॉक्टर है या… दबंगई दिखाने रात को कर दी फायरिंग, दहशत में कॉलोनी के लोग, पुलिस ने लिया हिरासत में

Jabalpur News :  डॉक्टर को धरती का भगवान कहा जाता है लेकिन यदि ये दबंगई दिखाने लगे तो आप इसे क्या कहेंगे , जबलपुर में एक डॉक्टर ने रात को अपनी लाइसेंसी बंदूक से एक एक कर तीन फायर कर दिए, हालाँकि ये फायर किसी को निशाना बनाकर नहीं किये गए गए लेकिन रात के सन्नाटे में गोलियों की आवाज से कालोनी के लोग सहम गए और पुलिस को बुला लिया।

जबलपुर के चौकिताल स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मेडिकल अस्पताल में पदस्थ सीएमओ (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) डॉ. आदित्य तिवारी ने कॉलोनी में अपनी दबंगई दिखाने के लिए लाइसेंसी बंदूक से तीन फायर किए। इस घटना से स्थानीय लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बरामद किये तीन खाली खोखे (राउंड) 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. आदित्य तिवारी ने रात के समय अपनी लाइसेंसी बंदूक से तीन राउंड फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनते ही कॉलोनी के लोग दहशत में आ गए। कई लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, जबकि कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस और डायल 100 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से तीन खाली खोखे मिले, जिससे पुष्टि हुई कि तीन राउंड फायर किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने डॉ. आदित्य तिवारी को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले जाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, डॉक्टर हिरासत में 

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और डॉ. आदित्य तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उन्होंने फायरिंग किस उद्देश्य से की और कहीं यह किसी को डराने या धमकाने के मकसद से तो नहीं किया गया। भेड़ाघाट थाना पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपित नशे की हालत में था या फिर किसी अन्य विवाद की वजह से उसने फायरिंग की।

डॉक्टर की बंदूक का लाइसेंस रद्द करा सकती है पुलिस  

फायरिंग की इस घटना के बाद पुलिस डॉ. आदित्य तिवारी की बंदूक का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकती है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोग डरे हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे असामाजिक व्यवहार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपित पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews