Hindi News

MP News : शिवराज ने बैंकर्स को दिए कई निर्देश, 12 जनवरी को राज्य स्तरीय स्व-रोजगार मेला

Written by:Atul Saxena
Published:
Last Updated:
MP News : शिवराज ने बैंकर्स को दिए कई निर्देश, 12 जनवरी को राज्य स्तरीय स्व-रोजगार मेला

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने सोमवार को बैंकर्स (Bankers) के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि वे स्व-रोजगार योजनाओं (self employment schemes) के लक्ष्य को समय सीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि निजी बैंक अपना सामाजिक दायित्व भी निभाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्प लाइन (CM Helpline) में शिकायतें आना बैंकों की प्रतिष्ठा के अनुरुप नहीं है इसलिए हर माह लक्ष्य निर्धारित कर पूरा करें और उसकी समीक्षा करें। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि 12 जनवरी को विवेकानद जयंती पर राज्य स्तरीय स्व-रोजगार मेले का आयोजन किया जाये।

सोमवार को मंत्रालय में  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक को संबोधित किया।  बैठक में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव वित्त मनोज गोविल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित थे।

रोजगार सबसे बड़ी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के क्रियान्वयन एवं बेहतर परिणाम लाने के संबंध में निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सबसे बड़ी प्राथमिकता है। विशेष रूप से स्व-रोजगार योजनाओं का प्राथमिकता से क्रियान्वयन करें। आर्थिक गतिविधियाँ तेजी से चलाएं । स्व-रोजगार के लिए व्यवस्थित ढंग से जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ऋण शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करें।

स्वामी विवेकानंद जयंती पर राज्य स्तरीय स्व-रोजगार मेला

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आगामी 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राज्य स्तरीय स्व-रोजगार मेले (self employment fair) का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले में अधिक से अधिक प्रकरणों में ऋण स्वीकृत करें। जिला स्तर पर भी शिविर आयोजित किए जाएँ। उन्होंने कहा कि विगत 9 नवम्बर से 26 नवम्बर तक 117 क्रेडिट कैंप आयोजित कर 51 करोड़ रुपये के मुद्रा ऋण स्वीकृत किए गए। इसी तरह प्रगति बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखें।

मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना में लक्ष्य के मुताबिक प्रगति बढ़ायें। योजना में 5 लाख हितग्राहियों को लाभ पहुँचाने का लक्ष्य है। इसके लिए बैंक गंभीरता से कार्य करें। निजी बैंक ठीक से क्रियान्वयन करें। अभी तक लगभग 2 लाख 82 हजार प्रकरणों में ऋण स्वीकृति जारी की गई है।

हर माह होगी स्व-रोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह स्व-रोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करुंगा। सभी बैंकर्स गंभीरता से कार्य करें। निजी बैंकों का परफार्मेंस ठीक नहीं है। भारत सरकार की योजनाओं में लापरवाही न बरतें। डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटी एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठकें हर महीने हों। स्व-सहायता समूह की महिलाएँ अच्छा कार्य कर रही हैं। उन्हें हर तरह की मदद पहुँचाएँ।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में म.प्र. देश में अव्वल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में प्रगति अच्छी है। राष्ट्रीयकृत बैंकों ने अच्छा कार्य किया है। इस योजना में हम देश में अव्वल हैं। योजनांतर्गत लक्ष्य की 115 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। भारत सरकार द्वारा 4.05 लाख का लक्ष्य दिया गया था।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2021-22 में 7022 परियोजनाओं एवं 211 करोड़ मार्जिन मनी स्वीकृति का लक्ष्य है, जिसे समय पर पूरा करें। प्राइवेट बैंक हर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पीछे हैं। वे अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन ठीक ढंग से करें। हर हालत में लक्ष्य पूरा करने में सहयोग करें।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की इस माह प्रगति अच्छी है। निजी बैंक बेहतर ढंग से कार्य कर लक्ष्य पूरा करें। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में तेजी से प्रगति बढ़ाई जाये। राष्ट्रीय निजी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक अपने लक्ष्य समय पर पूरा करें। लक्ष्य हर माह के लिए तय किये जाएँ और उसे उसी माह में पूरा करें। वार्षिक या त्रैमासिक लक्ष्य होने से समय पर पूरा करने में कठिनाई होती है। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में एक महीने में अच्छी प्रगति हुई है। योजना का लक्ष्य समय-सीमा में पूरा करें।

सीएम हेल्पलाइन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में तीन सौ दिन से अधिक समय तक लंबित शिकायतों का तेजी से निराकरण करें। शिकायतें आना बैंकों की प्रतिष्ठा के विरुद्ध है। ऐसी स्थिति बनायें कि सबको आनंद और प्रसन्नता हो। संतुष्टि के साथ निराकरण करें। पात्र नहीं होने पर ही फोर्स क्लोज करें।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews