केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की राहुल गांधी को नसीहत, इधर उधर की बातें बंद करो, दिग्विजय -कमलनाथ के कुर्ते रफू करवा लो तो कांग्रेस थोड़ी बच जाएगी

MP Election 2023 Union Minister Narendra Singh Tomar

MP Election 2023 : विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए कुछ समय शेष बचा है, चुनाव प्रचार के लिए नेता हर विधानसभा सीट पर पहुंच रहे हैं, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी रमेश प्रसाद खटीक के समर्थन में वोट अपील करने पहुंचे, उन्होंने सभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, राहुल गांधी पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आप इधर उधर  की बातें बंद करो, एमपी में दिग्विजय सिंह – कमलनाथ के कुर्ते फट रहे हैं उन्हें ही रफू करवा लो तो आपकी पार्टी थोड़ी बची रहेगी।

वचन देता हूँ, जब तक साँस है आपको याद रखूँगा : तोमर  

करैरा की जनता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि आपने मुझे लोकसभा चुनाव में अपने प्रतिनिधि के रूप में स्वीकार किया, प्रतिनिधि आते जाते रहते हैं , जब मुझे कहा मैं आया आपने विश्वास दिया, स्नेह दिया मैंने हमेशा इस ऋण को चुकाने का प्रयास किया आगे भी हमेशा करता रहूँगा, मैं वचन देता हूँ कि जब तक जीवन में साँस है आपको याद रखूँगा।

तोमर ने बताया,  कुशाभाऊ ठाकरे ने उन्हें क्या सिखाया 

तोमर ने कहा कि मैंने कुशाभाऊ ठाकरे से राजनीति सीखी है , उन्होंने मुझे सिखाया कि फायदा हो या नुकसान सार्वजानिक जीवन में कभी झूठ नहीं बोलना चाहिए, उन्होंने सिखाया कि जनता से नजरें झुका कर नहीं नजरें मिलकर राजनीति करो, आपने जब मुझे लोकसभा भेजा तब मैंने वादा किया था कि सोन चिरैया अभ्यारण्य को डी नोटिफाई करा दूंगा और आपके आशीर्वाद से ये हो गया, इसके लिए आप सबको बधाई।

तोमर ने कहा कि भाजपा है तो विकास है नहीं है तो विकास नहीं है

तोमर ने कहा कि भाजपा है तो विकास है नहीं है तो विकास नहीं है, कांग्रेस की आलोचना करूँ, मैं विरोधी दल में हूँ इसलिए कह रहा हूँ ऐसा नहीं है, जब मैं कह रहा हूँ तो प्रमाण हैं मेरे पास, यहाँ बहुत से बुजुर्ग बैठे हैं जिन्होंने 2003 से पहले का कांग्रेस का समय देखा है देखा है क्या इससे पहले करैरा क्षेत्र में शिवपुरी से एक सड़क बताओ जो गाँव जाती हो,  किसी गाँव में बिजली के दर्शन की कल्पना थी क्या? लेकिन आज सड़क बिजली सबकुछ गाँव में है।

2003 से पहले का समय याद कर सुनाया बिजली का किस्सा 

उन्होंने कहा कि अटल जी ने 6 लाख गाँवों में सड़कें दी, मोदी जी ने हर गाँव को नल जल योजना से जोड़ा है इसके लिए 3 लाख करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं, कांग्रेस चाहती तो वो भी 2003 से पहले ये कर सकती थी लेकिन उसकी नीयत में खोट थी, 50 हजार  गांवों में सड़कें बना देते , बिजली दे देते, लेकिन नहीं किया। तोमर ने एक वाकया सुनाते हुए कहा कि जब दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे तब मैं ग्वालियर में विपक्ष का विधायक था , शहर में मीटिंग हुई बिजली नहीं थी मैंने पूछा तो सीएम दिग्विजय बोले गाँव में दे रहे हैं तो यहाँ कट है और एक बार गाँव में मीटिंग थी वहां भी बिजली नहीं थी तो जवाब मिला शहर को दे रहे है  तो यहाँ कट है , जबकि कहीं बिजली नहीं थी और आज 24 घंटे बिजली है।

जय वीरू को लेकर दिग्विजय कमलनाथ पर कसा तंज 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने इतना विकास किया है कि मंच पर बैठा नेता बोलना शुरू करे तो दो दो घंटे बोलेगा और विकास की बातें ख़त्म नहीं होंगी, आपने कमलनाथ – दिग्विजय के भाषण सुने होंगे वो ये नहीं बता सकते कि यहाँ क्या विकास कराया , कोई खुद को जय तो कोई वीरू बता रहा है लेकिन जब बोलने के लिए उपलब्धि नहीं है तो जनता को गुमराह करने के लिए कुछ न कुछ तो बोलेंगे ही।

राहुल गांधी को दी नसीहत , दिग्विजय कमलनाथ के कुर्ते रफू करवा दो 

नरेंद्र तोमर ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे थे अरे जब भारत टूटा ही नहीं है तो जोड़ किसे रहे हो ?किसे मूर्ख  बना रहे हो, जब तक मोदी जी देश के प्रधानमंत्री है किसी माई के लाल में दम नहीं है कि वो भारत की तरफ आँख उठाकर देख सके।  उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि इधर उधर की बातें छोड़ो एमपी में कमलनाथ का कुर्ता दिग्विजय सिंह फाड़ रहे हैं और दिग्विजय सिंह का कुर्ता कमलनाथ फाड़ रहे हैं, आप इसे ही रफू करवा लो आपकी पार्टी बची रह जाएगी, लेकिन कांग्रेस का तो बेडा गर्क हो गया है ये पुरानी कांग्रेस नहीं है जिसमें कुछ राष्ट्रवादी नेता थे, ये कांग्रेस टुकड़े टुकड़े गैंग के साथ है , जो लोग देश को तोड़ना चाहते हैं उनके साथ है, इसलिए इसे पहचानों और उखाड़ फेंको, आज मप्र को आगे बढ़ाने की जरुरत है ।

ये सेमीफाइनल है इसे जीतकर फ़ाइनल भी जीतना है : तोमर 

तोमर ने कहा कि ये चुनाव रमेश  खटीक का चुनाव नहीं है , ये चुनाव नरेंद्र सिंह तोमर का चुनाव नहीं है , ये चुनाव वीडी शर्मा का चुनाव नहीं है, ये भारत को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है 2024 में लोकसभा चुनाव है और ये उसका सेमी फ़ाइनल है , सेमी फाइनल जीतना है और फिर फाइनल जीतना है , बहुत से लोग मोदी जी का रास्ता रोकना चाहते हैं आपको उन्हें रोकना है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews