उमरिया | मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेंदुए के नजर आने से इलाके में दहशत का माहौल है। बता दें कि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है, जिसमें साफ तौर पर यह देखा जा सकता है कि जंगली जानवर सड़क पर कैसे बेखौफ टहल रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ है। इससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बच्चे घर से बाहर नहीं निकल रहे। वहीं, वन विभाग की टीम द्वारा इलाके में निगरानी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की कोई अनहोनी ना हो।
दरअसल, मामला बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के मंठार डैम परिसर का है। जहां तेंदुए के दिखने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शनिवार को सीसीटीवी कैमरों में यह जंगली जानवर सड़क पर बेखौफ टहलता दिखाई दिया।
लोगों में डर का माहौल
डैम परिसर के आसपास एमपीईबी कॉलोनी और घनी आबादी बसी हुई है। बता दें कि यहां से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं और बच्चे खेलकूद के लिए बाहर निकलते हैं। ऐसे में तेंदुए का मूवमेंट लोगों के लिए खतरा बन सकती है। यही वजह है कि स्थानीय निवासियों ने तुरंत वन विभाग से संपर्क किया है। साथ ही उनसे रेस्क्यू ऑपरेशन की मांग भी की है।
सीसीटीवी में कैद
मिली जानकारी के मुताबिक, डैम का स्टाफ रोज की तरह पानी की रीडिंग लेने पहुंचा था। तभी अचानक सड़क किनारे घूमते हुए तेंदुए पर उसकी नजर पड़ी। कर्मचारी ने तत्काल जोर से आवाज लगाकर राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों को सावधान किया। यह पूरी घटना डैम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ सड़क पर आराम से घूम रहा है, मानो वह अपने इलाके में ही हो।
वन विभाग की टीम अलर्ट
स्थानीय निवासी और प्लांट कर्मचारी संदीप पांडे ने बताया कि तेंदुआ बीते कुछ दिनों से डैम परिसर के इर्द-गिर्द देखा जा रहा है। कॉलोनीवासी डरे हुए हैं और बच्चों को बाहर भेजने में हिचकिचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वन विभाग तेंदुए को पकड़कर जंगल में सुरक्षित नहीं छोड़ता, तब तक आम लोगों का डर खत्म नहीं होगा। इस घटना के बाद से लोग हर वक्त डर के साए में जी रहे हैं। फिलहाल, सभी की निगाहें वन विभाग पर टिकी हैं।
उमरिया, बृजेश श्रीवास्तव






