कोलंबो: भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने रविवार को कोलंबो में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। टीम ने फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर पहला T20 विश्व कप अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत दृष्टिबाधित महिला T20 विश्व कप जीतने वाला पहला देश बन गया है।
इस जीत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने टीम को बधाई देते हुए X पर पोस्ट किया है। सीएम ने अपने पोस्ट में लिखा “प्रथम Blind Women’s T20 World Cup जीतने वाली भारतीय टीम को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं! टीम ने अद्वितीय प्रतिभा और अटूट विश्वास से देश को गौरवान्वित किया है। नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाली ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। आप सभी को पुनः बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं।”
आपको बता दें फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला भारत के लिए सही साबित हुआ। गेंदबाजों ने डिसिप्लिन्ड प्रदर्शन करते हुए नेपाल को निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 114 रन पर रोक दिया।
फाइनल में भारत का एकतरफा प्रदर्शन
115 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 10 ओवर में ही 100 रन बना लिए और नेपाल को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारत ने 13वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार अंदाज में खिताब पर कब्जा जमाया।
फुला सारेन बनीं जीत की हीरो
भारत की इस ऐतिहासिक जीत में ऑलराउंडर फुला सारेन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ओपनिंग करते हुए सिर्फ 27 गेंदों पर 44 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने चार चौके लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 162.96 का रहा। सारेन ने ही विजयी चौका लगाकर भारत को चैंपियन बनाया।
बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 3 ओवर में केवल 20 रन दिए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत
भारतीय टीम इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही, जो उसके शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है। टीम ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को सिर्फ 41 रनों पर समेट दिया था और लक्ष्य को 3 ओवर में ही हासिल कर लिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने 4 विकेट पर 292 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और 209 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।
पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम ने 136 रनों का लक्ष्य 10.2 ओवर में ही हासिल कर लिया था। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराने के बाद टीम ने फाइनल में नेपाल पर एकतरफा जीत के साथ अपनी श्रेष्ठता साबित की। यह जीत वैश्विक मंच पर महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
सीएम डॉ मोहन यादव का पोस्ट
प्रथम Blind Women’s T20 World Cup जीतने वाली भारतीय टीम को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं!
टीम ने अद्वितीय प्रतिभा और अटूट विश्वास से देश को गौरवान्वित किया है। नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाली ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है।
आप सभी को पुनः बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं। pic.twitter.com/ryAwBEakHF
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 23, 2025






