
नई दिल्ली, डेस्क रिपोर्ट। यात्रियों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए इंडियन रेलवे (Indian Railway) लगातार काम कर रहा है। सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) शुरू करने के बाद अब तेज रफ्तार वाली माल गाड़ियां शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। यह माल गाड़ियां सबसे पहले मुंबई अहमदाबाद रूट पर चलाई जाएगी। रेलवे हाई वैल्यू ट्रांसपोर्ट मार्केट पर अपनी पकड़ बनाने के लिए इस योजना पर काम कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक इस सर्विस को शुरू करने की योजना जल्द से जल्द की जा रही है। वंदे भारत प्लेटफॉर्म पर बनाए गए सीएमयू रोलिंग स्टॉक के जरिए इसे शुरू करने का प्लान है। इसकी विशेषताओं में 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार भी शामिल है।
Must Read- 3 साल के मासूम को ट्रेन में छोड़ गई मां, जांच में जुटी पुलिस
तेज रफ्तार में दौड़ने वाली इस मालगाड़ी में कई तरह की विशेषताएं मिलेंगी। इसमें लगाए गए डिब्बों में ऑटोमेटिक स्लाइडिंग प्लग दरवाजे होंगे जिनकी चौड़ाई 1800 एमएम होगी। इस मालगाड़ी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया विजन को देखते हुए तैयार किया जा रहा है।
बता दें कि मेक इन इंडिया विजन के तहत 4 रूट ऐसे हैं जहां पर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात यात्रियों को मिल चुकी है। बीते दिन ही हिमाचल प्रदेश से भी वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की गई है। ये देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस है जो ऊना से अंबाला जाएगी। इसके पहले पीएम मोदी ने गांधीनगर से मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

