Jodhpur Violence : दो समुदायों में झड़प, BJP विधायक के घर के बाहर बाइक में लगाई आग

Jodhpur Violence : दो समुदायों में झड़प, BJP विधायक के घर के बाहर बाइक में लगाई आग

जोधपुर, डेस्क रिपोर्ट। राजस्थान के जोधपुर (Jodhpur Violence) में देर रात झंडे और लाउडस्पीकर को लेकर दो समुदायों में शुरू हुआ विवाद सुबह होते होते हिंसामें बदल गया। सुबह हालात तब बेकाबू हो गए जब ईद की नमाज के बाद पथराव शुरू हो गया।  उपद्रवियों ने भाजपा विधायक सूर्यकान्त व्यास के घर के बाहर बाइक में आग लगा दी।  पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। फ़िलहाल पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने सामाजिक सौहार्द बनाये रखने की अपील की है उन्होंने कहा कि जोधपुर में कल देर रात से जो तनाव पैदा हुआ है वो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे राजस्थान की, मारवाड़ की परम्परा रही है कि सभी समाज के, सभी धर्मों के लोग हमेशा, हर त्यौहारों पर भी प्रेम भाईचारे से रहते आए हैं, मैं अपील करना चाहूंगा कि तमाम लोग शांति बनाए रखें और तनाव समाप्त करें।

अशोक गहलोत ने कहा कि ये तनाव, हिंसा का माहौल जोधपुरवासियों के हित में नहीं है। मैंने पुलिस को निर्देश दिये हैं कि जो असामाजिक तत्व सामने आएं उनसे सख्ती से निपटा जाये। सब मिलजुलकर भाईचारा बनाये रखें। नेताओं से अपील करना चाहूंगा कि जनप्रतिनिधि किसी भी पार्टी का हो उसका पहला धर्म अपनी पार्टी के लोगों को समझाइश दे कि किसी भी कीमत पर झगड़ा नहीं होना चाहिए, हिंसा नहीं होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें – MP Politics: राहुल गांधी का वायरल वीडियो! बीजेपी ने पूछा- ‘कौन है वो’

जानकारी के अनुसार जोधपुर के मुस्लिम बाहुल्य जालोरी गेट इलाके में ईद से पहले देर रात झंडा लगाया गया था।  चूँकि आज परशुराम जयंती भी है, बताया जा रहा है कि कुछ हिन्दू वादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने वहां ईद के झंडे को हटाकर भगवा झंडा लगा दिया , हालाँकि हिन्दू संगठनों के कहना है कि उन्होंने पहले भगवा झंडा लगाया था जिसे फेंक दिया गया। झंडा उतारे जाने का वीडियो वायरल हो गया और यही हिंसा और तनाव का कारण बना।

झंडा उतारे जाने के बाद लोग मुस्लिम समाज के लोग पहुँच गए, वहां पत्थरबाजी होने लगी, लेकिन रात को जैसे तैसे माहौल शांत हो गया। आज सुबह ईद की नमाज के समय माहौल फिर गर्म हो गया। एक मूर्ति के पास भगवा झंडा देखकर मुस्लिम समुदाय के युवा आक्रोशित हो गए और पथराव शुरू कर दिया, आगजनी करने लगे। वहां तैनात पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की लेकिन बाद में उसे आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े।

ये भी पढ़ें – मध्यप्रदेश : राहुल गांधी के वीडियो ने देश को शर्मसार किया – मंत्री विश्वास सारंग

हिंसा के बाद जोधपुर की इंटरनेट सेवाएं फ़िलहाल बंद कर दी गई हैं उधर इस दौरान पुलिस की पत्रकारों से भी बहस हुई। पुलिस ने पत्रकारों पर भी लाठियां भांजी। घटना के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाईलेवल मीटिंग बुलाई है जिसमें डीजीपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशानिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews