पानी के पाइप से बरसी नोटों की गड्डियां और सोने के आभूषण, देखें ACB की रेड का Viral Video

पानी के पाइप से बरसी नोटों की गड्डियां और सोने के आभूषण, देखें ACB की रेड का Viral Video

कर्नाटक, डेस्क रिपोर्ट। बॉलीवुड फिल्म ‘रेड’ में जिस तरह इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर अजय देवगन ने अपनी टीम के साथ छापा मारते हुए एक मंत्री के घर का कोना-कोना छानकर अवैध पैसों की छापेमारी की थी, ठीक उसी तरह असल में कर्नाटक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने PWD इंजीनियर के घर पर छापा मारा है जहां उन्हें हैरत कर देने वाली एक घटना देखने को मिली। दरअसल कर्नाटक एसीबी की छापेमारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि PWD इंजीनियर के घर लगे एक पाइप से पानी की जगह 500 के नोट बरस रहे हैं। कैश के साथ ही सोने के आभूषण भी पाइप से निकल रहे हैं। इस दृश्य को देख अधिकारी हैरत में पड़ गए।

ये भी देखें- मंत्री का विवादित बयान- कैटरीना के गाल जैसी बनेंगी सड़कें

ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल कर्नाटक में एसीबी जांच एजेंसी के अधिकारियों ने कलबुर्गी में जूनियर इंजीनियर शांतागौड़ा बिरादर के घर पर छापा मारा था। आरोप है कि शांतागौड़ा ने अपने कार्यकाल के दौरान आय से अधिक संपत्ति इकट्ठा की। इस छापेमारी में 15 अधिकारियों के 60 ठिकानों से बड़ी मात्रा में सोना, नकदी और संपत्ति की कागजात बरामद हुए। इस मामले में उस समय सबकी आंखें खुली की खुल रह गई जब PWD के जूनियर इंजीनियर के घर छापेमारी के दौरान घर की पाइप लाइन से पैसे निकलने लगे। पाइप लाइन से इतने पैसे निकले की देखकर अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गई।

इसके लिये एक प्लंबर को घर के अंदर बने पीवीसी पाइप काटने के लिए बुलाया गया। जब प्लंबर ने पाइप को काटा तो अधिकारियों को उसके अंदर नकदी और सोने के गहनों के बंडल मिले। जानकारी के मुताबिक जूनियर इंजीनियर शांतागौड़ा बिरदार के घर से कुल 13.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही एसीबी अधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी जूनियर इंजीनियर के घर के अंदर छत से दूर रखे 6 लाख रुपये नकद भी बरामद किए।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews