Hindi News

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार; बॉलीवुड से लेकर राजनीति तक शोक की लहर

Written by:Banshika Sharma
Published:
बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र नहीं रहे। मुंबई के विले पार्ले में उनके बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत फिल्म, खेल और राजनीति जगत की तमाम हस्तियों ने गहरा दुख जताया है।
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार; बॉलीवुड से लेकर राजनीति तक शोक की लहर

नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का निधन हो गया है। मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके बड़े बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। कई दशकों तक अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले धर्मेंद्र के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है।

उनके निधन की खबर आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। फिल्म जगत से लेकर खेल, उद्योग और राजनीति की बड़ी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया।

फिल्म और खेल जगत में शोक की लहर

धर्मेंद्र के निधन पर साथी कलाकारों और युवा पीढ़ी के एक्टर्स ने गहरा दुख व्यक्त किया। अक्षय कुमार ने उन्हें अपनी प्रेरणा बताते हुए लिखा:

“बचपन में हर लड़का धर्मेंद्र जी जैसा हीरो बनना चाहता था… हमारी इंडस्ट्री के असली ही-मैन। पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद। आप अपनी फिल्मों और फैलाए गए प्यार के जरिए हमेशा जिंदा रहेंगे।” — अक्षय कुमार

अजय देवगन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इंडस्ट्री ने एक लेजेंड खो दिया है, जिन्होंने सिनेमा की आत्मा को आकार दिया। वहीं, रणदीप हुड्डा ने अपने खास अंदाज में लिखा, “म्हारा तै एक्कै हीरो था। लेजेंड्स मरते नहीं।” साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर और महेश बाबू ने भी धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।

खेल जगत की हस्तियों ने भी धर्मेंद्र को याद किया। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने कहा कि हर घर में धर्मेंद्र की कोई न कोई पसंदीदा फिल्म होती थी। वीरेंद्र सहवाग ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा:

“धर्मेन्द्र जी सिर्फ अभिनेता नहीं थे, एक युग थे। सादगी में सितारा, ताकत में ही-मैन और दिल में सोना। उनकी फ़िल्में, उनका अंदाज़ और उनकी गर्मजोशी पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी।” — वीरेंद्र सहवाग

राजनीति और उद्योग जगत ने भी दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धर्मेंद्र को एक दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद बताते हुए उनके निधन को भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने अपने शानदार करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं और उनकी विरासत युवा कलाकारों को प्रेरित करती रहेगी।

उद्योगपति गौतम अडानी ने ‘शोले’ फिल्म के मशहूर गाने को याद करते हुए लिखा, “जब भी दोस्ती के फ़साने कहे जाएँगे, ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ जरूर याद आएगा। धरम पाजी, आपको विनम्र श्रद्धांजलि।” जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया और सिनेमा में उनके योगदान को अमूल्य बताया।

धर्मेंद्र को न सिर्फ उनके दमदार अभिनय के लिए, बल्कि उनकी गर्मजोशी और विनम्र स्वभाव के लिए भी हमेशा याद किया जाएगा। ‘शोले’, ‘चुपके-चुपके’, ‘सीता और गीता’ और ‘यादों की बारात’ जैसी अनगिनत फिल्मों के जरिए उनकी विरासत हमेशा सिनेप्रेमियों के दिलों में जिंदा रहेगी।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews