Hindi News

करोड़ों रुपए के फ्रॉड के खिलाफ अनोखा विरोध, पीड़ितों ने कराया मुंडन, हनुमान जी को सौंपा ज्ञापन

Reported by:Kamlesh Sarda|Edited by:Atul Saxena
Last Updated:
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार शिकायतों, आवेदन और संघर्ष के बाद भी जब व्यवस्था ने कोई सुनवाई नहीं की, तो मुंडन कराना ही उनका अंतिम उपाय था।
करोड़ों रुपए के फ्रॉड के खिलाफ अनोखा विरोध, पीड़ितों ने कराया मुंडन, हनुमान जी को सौंपा ज्ञापन

नीमच जिले की अक्षय क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी की कथित अवैध गतिविधियों और आर्थिक अनियमितताओं के खिलाफ पीड़ितों का अनोखा विरोध बुधवार को सामने आया। सोसाइटी और सहकारिता विभाग की कथित लापरवाही से परेशान ग्राहकों ने सिर मुंडवाकर अपना गुस्सा जताया और एक मंदिर में हनुमान जी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सोसाइटी द्वारा करोड़ों रुपए का फ्रॉड खुलकर सामने आने के बावजूद सहकारिता विभाग पूरी तरह मौन है। विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही और सोसाइटी की ‘तानाशाही व गुंडागर्दी’ को बढ़ावा देने के आरोप लगाए गए।

मुंडन कर जताया विरोध

पीड़ितों में शामिल एक व्यक्ति ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से अक्षय क्रेडिट सोसाइटी और सहकारिता विभाग की कथित मिलीभगत के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विरोध के चौथे दिन दो पीड़ितों ने सिर मुंडवाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया। उन्होंने कहा कि मुंडन किए गए बालों को सहकारिता विभाग के कार्यालय में भेजा जाएगा, ताकि अधिकारियों को उनकी पीड़ा और संघर्ष का अंदाजा हो सके।

हनुमान जी को सौंपा ज्ञापन

पीड़ितों ने न्याय की उम्मीद में एक मंदिर जाकर हनुमान जी महाराज को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में मांग की गई कि हनुमान जी सोसाइटी और विभाग के अधिकारियों को सद्बुद्धि दें और पीड़ितों को न्याय दिलाएं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अब उनकी इज्जत और सम्मान की रक्षा केवल हनुमान जी ही कर सकते हैं। उनकी मुख्य मांग है कि सोसाइटी के सीईओ अभय सुमानी, बैंक मैनेजर अमित बारोड़ तथा अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाए और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

“अब अंतिम उपाय यही बचा था”

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार शिकायतों, आवेदन और संघर्ष के बाद भी जब व्यवस्था ने कोई सुनवाई नहीं की, तो यह अनोखा विरोध उनका अंतिम उपाय बन गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। लेनदारों का कहना है कि उन्हें न्याय मिले और आरोपियों को ऐसा दंड दिया जाए कि “उनकी सात पीढ़ियां याद रखें”।

कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews