इस समय ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज 2025 खेली जा रही है, जिसका पहला मुकाबला 21 नवंबर को पर्थ क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया था। पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब दोनों टीमों के बीच दूसरे मुकाबले का इंतजार किया जा रहा है। इस दौरान सभी क्रिकेट फैंस में एक कन्फ्यूजन देखने को मिल रही है कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का दूसरा मुकाबला कब खेला जाएगा। इसी को लेकर दुविधा बनी हुई है। चलिए जानते हैं दोनों टीमें अब आमने-सामने कब होंगी।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच इस टेस्ट सीरीज का इतिहास 140 साल पुराना है। आज भी यह टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी सीरीज मानी जाती है। हालांकि आंकड़ों पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा हमेशा से भारी रहा है, लेकिन इंग्लैंड भी इस मामले में पीछे नहीं रहा है। दोनों के जीत प्रतिशत में मात्र 10% से भी कम का अंतर है।
कब खेला जाएगा दूसरा मुकाबला?
पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शानदार जीत हासिल की थी और इंग्लैंड को दोनों ही पारियों में सस्ते में आउट किया था। ट्रैविस हेड ने शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। पहला मुकाबला बेहद शानदार रहा था। अब सभी की निगाहें दूसरे मुकाबले पर टिकी हुई हैं। क्रिकेट फैंस में मैच की तारीख को लेकर उलझन है। दूसरा मुकाबला कब खेला जाएगा इसे लेकर लोगों में स्पष्टता नहीं है। अगर आप भी ऐसी उलझन में हैं तो जानकारी दे दें कि दूसरा मुकाबला 29 नवंबर नहीं बल्कि 4 दिसंबर से खेला जाएगा। 29 नवंबर से दोनों टीमों के बीच वार्म-अप मुकाबला शुरू होगा। यह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया प्राइम 11 और इंग्लैंड की टीम के बीच होगा। यह दो दिन का मुकाबला होगा जो कैनबरा में खेला जाएगा। भारतीय समय अनुसार यह वार्म-अप मुकाबला सुबह 9:10 बजे शुरू होगा।
कहां खेला जाएगा दूसरा मुकाबला?
वहीं सीनियर टीम के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट मैच पर नजर डालें तो यह मुकाबला 4 दिसंबर से शुरू होगा। यह मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम किसी भी हाल में वापसी करना चाहेगी। भारत में इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियो-हॉटस्टार पर देखी जा सकेगी, जबकि अगर आप इस मुकाबले को टीवी पर देखना चाहते हैं तो स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। भारतीय समय अनुसार मुकाबला सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। अगर इंग्लैंड को एशेज सीरीज में वापसी करनी है तो इस मुकाबले को किसी भी हालत में जीतना होगा और ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में बढ़त बनाने से रोकना होगा।
हेड टू हेड रिकॉर्ड पर डालें नजर
दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो बता दें कि अब तक दोनों टीमें एशेज के मैदान पर 346 बार आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 143 बार जीत हासिल की है, वहीं इंग्लैंड की टीम को मात्र 110 मुकाबलों में जीत मिली है। ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत 41.32 रहा है, जबकि इंग्लैंड का जीत प्रतिशत 31.79 ही रहा है।





