भारत और बांग्लादेश की टीमों के बीच आज एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के टूर्नामेंट में सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों ही टीमों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में आज रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। जो भी टीम आज इस मुकाबले में जीत दर्ज करेगी वह 23 तारीख को होने वाले फाइनल मुकाबले में खेलेगी। भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। आज भारत को वैभव सूर्यवंशी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। जानकारी दें कि इस भव्य टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 32 गेंद पर शतक लगाया था।
दरअसल वैभव सूर्यवंशी इस समय एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वैभव सूर्यवंशी अब तक 201 रन बना चुके हैं। वैभव ने अकेले दम पर भारत की पारी को हर मुकाबले में संभाला है। आज फिर सेमीफाइनल मुकाबले में भारत वैभव से इसी तरह की पारी का इंतजार करेगा।
टॉप ऑर्डर के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
दरअसल भारत के टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन नपा-तुला रहा है, लेकिन मिडिल ऑर्डर पर दबाव देखने को मिल रहा है। कप्तान जितेश शर्मा के अलावा कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका है। प्रियांशु आर्य, नमन मंदिर और नेहाल बडेरा से अभी भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। हालांकि वैभव सूर्यवंशी को कप्तान जितेश ने अच्छा साथ दिया है। प्रियांशु आर्य ने भी भारतीय टीम को शुरुआत देने में मदद की है, लेकिन वह अपनी पारी को बड़ा नहीं कर पाए। शुरुआती ओवर्स में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारत की पारी लड़खड़ा जाती है। अगर सेमीफाइनल मुकाबले में भी भारत का मिडिल ऑर्डर फ्लॉप होता है, तो बांग्लादेश इस मुकाबले में पकड़ बना सकता है।
गेंदबाजी में भारत मजबूत
वहीं बांग्लादेश के तेज गेंदबाज भारत के लिए मुसीबत बन सकते हैं। अब तक बांग्लादेश के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। बांग्लादेश की ओर से रिपेन मंडल और लेफ्ट आर्म स्पिनर रकीबुल हसन भारतीय टीम के खिलाड़ियों को परेशान कर सकते हैं। दरअसल दोनों ही खिलाड़ियों ने सीनियर टीम में भी शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में बांग्लादेश की ए टीम सीनियर खिलाड़ियों से भरी हुई है। भारत के बल्लेबाजों को इन गेंदबाजों को समझदारी से खेलना होगा। हालांकि भारत की यूनिट भी बेहद शानदार है। भारत की यूनिट में भी अच्छे गेंदबाज नजर आ रहे हैं। लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने तीन मैच में 5 विकेट अपने नाम कर लिए हैं और भारत की ओर से वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। भारत के लेफ्ट आर्म स्पिनर हर्ष दुबे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और सुयश शर्मा भी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं।
भारत में कितनी बजे से देख सकेंगे मुकाबला?
भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाने वाला यह सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार आज दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा। अगर आप भी यह बड़ा मुकाबला देखना चाहते हैं तो बता दें कि इसका लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर की जा रही है। इस मुकाबले के बाद एक और महत्वपूर्ण मुकाबला भी खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भी आज ही खेला जाएगा। यह मुकाबला पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम के बीच होगा, जिसे इसी प्लेटफॉर्म पर रात 8:00 बजे से देखा जा सकेगा।





