MP Breaking News
Mon, Dec 8, 2025

शर्मनाक रिकॉर्ड तोड़ने से चूके बाबर आजम, 807 दिन के बाद लगाया इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक

Written by:Rishabh Namdev
आखिरकार 807 दिन के बाद पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम के बल्ले से एक इंटरनेशनल शतक निकला है। आखिरी बार 2023 में बाबर आजम के बल्ले से शतक निकला था। इसके बाद अब श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में बाबर ने शतक जड़ा है।
शर्मनाक रिकॉर्ड तोड़ने से चूके बाबर आजम, 807 दिन के बाद लगाया इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम श्रीलंका के सनत जयसूर्या का शर्मनाक रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। दरअसल सनत जयसूर्या ने इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने में सबसे लंबा समय लिया था। सनत जयसूर्या ने 86 पारियों के अंतराल में इंटरनेशनल शतक जड़ा था। वहीं अब बाबर आजम ने 807 दिन और 84 इंटरनेशनल पारियों के बाद शतक लगाया है। हालांकि इस मामले में उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। विराट कोहली ने 83 पारियां खेलने के बाद शतक लगाया था। अगर बाबर आजम दो मैच पहले शतक लगा देते तो वह इस शर्मनाक रिकॉर्ड से बच जाते।

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में बाबर आजम ने यह शतकीय पारी खेली है। लगभग 2 साल से बाबर आजम इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक नहीं लगा पाए थे और इसका बेसब्री से इंतजार फैंस कर रहे थे।

119 गेंदों में 102 रनों की नाबाद पारी खेली

दरअसल बाबर आजम ने श्रीलंका के खिलाफ 119 गेंदों में 102 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि बाबर आजम को शतक लगाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाबर शुरुआत से ही संभलकर बल्लेबाजी कर रहे थे। अपनी पारी में बाबर ने मात्र 8 चौके लगाए और एक भी छक्का नहीं लगाया। बाबर पूरी तरह से ग्राउंडेड शॉट्स पर भरोसा कर रहे थे। बाबर आजम का स्ट्राइक रेट 85.11 रहा। हालांकि श्रीलंका के खिलाफ दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने जीत हासिल कर ली। वहीं शतक के साथ ही बाबर आजम ने अपने वनडे करियर का 20वां शतक भी पूरा कर लिया। आखिरी बार बाबर आजम के बल्ले से एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ शतक निकला था। 31 वर्षीय बाबर आजम ने तीनों ही फॉर्मेट में लंबे समय तक शतक लगाने की कोशिश की लेकिन 2 साल 15 दिन तक उनके बल्ले से कोई भी शतक नहीं निकला। हालांकि अब आखिरकार उन्होंने शतक बनाया है।

पाकिस्तान ने 8 विकेट से जीता मैच

मुकाबले पर नजर डाली जाए तो श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। जिसके चलते श्रीलंका की टीम ने 50 ओवर में 288 रनों का स्कोर बनाया। श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा रन जनिथ लियांग के बल्ले से निकले। जनिथ ने 54 रनों की पारी खेली, जबकि कमांडो मेंडेस ने 44 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान को श्रीलंका ने 289 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे पाकिस्तान की टीम ने मात्र दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। बाबर आजम के अलावा मोहम्मद रिजवान ने भी शानदार पारी खेली। रिजवान ने नाबाद 51 रन बनाए और पाकिस्तान ने श्रीलंका पर 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली।