Hindi News

IND vs SA टेस्ट मैच से पहले कालीघाट मंदिर पहुंचे हेड कोच गौतम गंभीर, कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर होगा पहला मुकाबला

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारतीय क्रिकेट टीम इस समय दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर कोलकाता के कालीघाट मंदिर पूजा अर्चना करने पहुंचे हैं, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। बता दें कि दोनों टीमों के बीच 14 नवंबर से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा।
IND vs SA टेस्ट मैच से पहले कालीघाट मंदिर पहुंचे हेड कोच गौतम गंभीर, कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर होगा पहला मुकाबला

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले पहले टेस्ट मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर कोलकाता के कालीघाट मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा अर्चना की और आगामी सीरीज के लिए मां काली से आशीर्वाद प्राप्त किया है। दरअसल गौतम गंभीर आगामी सीरीज के लिए कोलकाता पहुंचे हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर खेला जाएगा। भारत ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में वनडे और t20 सीरीज खेली थी, हालांकि वनडे सीरीज में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था लेकिन t20 सीरीज में भारतीय टीम ने 2-1 से जीत हासिल की है।

दरअसल भारत के लिए यह घरेलू टेस्ट सीरीज बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है। बता दें कि यह दूसरी ऐसी घरेलू सीरीज रहेगी जब भारत बिना विराट कोहली और रोहित शर्मा के लंबे समय बाद मैदान पर उतरेगा। इससे पहले भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेली थी जिसमें 2-0 से जीत हासिल की थी। भारतीय जमीन पर दोनों खिलाड़ियों का इंतजार फैंस द्वारा किया जाता रहा है लेकिन अब दोनों ही खिलाड़ी टेस्ट में नजर नहीं आएंगे। ऐसे में शुभमन गिल के लिए यह घरेलू टेस्ट सीरीज नई चुनौती लेकर आने वाली है।

कालीघाट मंदिर पहुंचने के वीडियो वायरल हो रहे

वहीं सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर के कालीघाट मंदिर पहुंचने के वीडियो वायरल हो रहे हैं। वीडियो में देखा जा रहा है कि गौतम गंभीर सुरक्षा घेरे में रहते हुए मां काली के दर्शन करने पहुंचे हैं। हाल ही में भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच दो मैच की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज खेली गई थी, जिसमें भारत और दक्षिण अफ्रीका एक-एक के बराबरी पर रहे थे। ऐसे में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह घरेलू सीरीज बेहद रोमांचक होने वाली है। दोनों की ओर से कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। दरअसल दोनों टीमों की ए टीमों के बीच घरेलू सीरीज में पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी जबकि दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने पांच विकेट से जीत दर्ज की थी।

हेड कोच ने किया साफ़

पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में गौतम गंभीर ने बीसीसीआई की ओर से जारी किए गए वीडियो में बताया था कि उनके खिलाड़ियों के साथ रिश्ते कैसे हैं। दरअसल गौतम गंभीर ने कहा था कि ‘अगर आप किसी को बताते हैं कि वह नहीं खेल रहा है, तो यह शायद एक कोच और एक खिलाड़ी के लिए सबसे मुश्किल बातचीत होती है क्योंकि मुझे लगता है कि खिलाड़ी तब नाराज हो जाएगा, जब आप प्लेइंग 11 का हिस्सा बनने का हकदार है। लेकिन अगर आप ईमानदार हैं। अगर आप स्पष्ट वादी हैं। अगर आप जानते हैं कि आप जो कर रहे हैं कह रहे हैं वह आपके दिल से है और इससे आगे कुछ नहीं तो लगता है कि कुछ खिलाड़ी समझते हैं और यह एक खिलाड़ी और कोच के बीच का संवाद है।’ बता दें कि पिछले कुछ समय से गौतम गंभीर पर कई तरह के आरोप लगाए गए हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर उन्हें ट्रोल किया जाता है कि वह खिलाड़ियों के साथ पक्षपात करते हैं लेकिन इस पर अब गौतम गंभीर की ओर से कड़ी टिप्पणी की गई है।

मुश्किल रहा भारतीय टीम का सफर

भारत की पिछली कुछ टेस्ट सीरीज पर नजर डाली जाए तो भारत के लिए सबसे मुश्किल टेस्ट सीरीज बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2025 रही है। इस ट्रॉफी के दौरान रविचंद्रन अश्विन ने अचानक टेस्ट से संन्यास का ऐलान किया था। इस सीरीज के बाद से ही रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी संन्यास का ऐलान किया था। इसके बाद भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेली थी जिसमें शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया था और शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया था। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज भारत के लिए बेहद निराशाजनक रही, जहां भारत को हार का सामना करना पड़ा। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भी भारत को हर का सामना करना पड़ा। जिसके चलते वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के सर्कल से बाहर हो गई। वहीं अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) के नए सर्किल के लिए भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज इस पर भी असर डालेगी। ऐसे में गौतम गंभीर चाहेंगे कि भारतीय टीम जीत दर्ज करें और फाइनल की ओर कदम बढ़ाए।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews