भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट और वनडे के बाद 5 मैचों की T20 सीरीज खेली जाएगी। बता दें कि दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज खेली गई थी जिसमें भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा था, जबकि वनडे सीरीज में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया था, जबकि दूसरे मुकाबले में भी विराट कोहली ने शतक जड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था।
वही दूसरे मुकाबले के बीच ही BCCI ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इससे टीम में दो बड़े खिलाड़ियों की वापसी हुई है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था।
हार्दिक पांड्या की वापसी हुई
दरअसल साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज में हार्दिक पांड्या की वापसी हुई है। हार्दिक पांड्या लंबे समय से इंजरी के चलते बाहर थे, लेकिन अब वह खेलने के लिए पूरी तरह से उपलब्ध हैं। जबकि टीम में शुभमन गिल का नाम भी शामिल है। शुभमन गिल भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में चोटिल हो गए थे, जिसके चलते उन्हें वनडे सीरीज में आराम दिया गया था। हालांकि अब वह पूरी तरह फिट हैं और वापसी के लिए तैयार हैं। शुभमन गिल को ही टीम का उप कप्तान भी चुना गया है। दरअसल साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में शुभमन गिल की गर्दन में खिंचाव आया था, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि अब उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से फिटनेस सर्टिफिकेट मिल चुका है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी
दरअसल भारतीय क्रिकेट टीम के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज काफी महत्वपूर्ण है। बता दें कि अगले साल भारत को T20 वर्ल्ड कप 2026 खेलना है। ऐसे में इससे पहले तैयारी के लिए यह अच्छा मौका है। हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों को इसमें परखा जा सकता है। टीम पर नजर डाली जाए तो सूर्यकुमार यादव एक बार फिर कप्तानी करते हुए नजर आएंगे, जबकि उप कप्तान के तौर पर शुभमन गिल शामिल हैं। वहीं सलामी बल्लेबाज के तौर पर अभिषेक शर्मा को टीम में मौका मिला है। अभिषेक शर्मा ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम में तिलक वर्मा भी शामिल हैं। तिलक वर्मा के बल्ले से भी एशिया कप के फाइनल में जबरदस्त पारी देखने को मिली थी।
ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पांड्या के अलावा टीम में शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर भी शामिल हैं। स्क्वॉड में विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन के अलावा जितेश शर्मा को मौका दिया गया है। टीम में ऋषभ पंत को शामिल नहीं किया गया है। वहीं स्पिन गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती के अलावा कुलदीप यादव भी नजर आ रहे हैं और तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को मौका मिला है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वॉड इस प्रकार है
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर।






