क्रिकेट की दुनिया में आपने ऐसे कई रिकॉर्ड के बारे में सुना होगा जिनका टूटना नामुमकिन सा दिखाई देता है। कभी किसी खिलाड़ी ने वनडे क्रिकेट में बेहद ही बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया तो किसी ने टेस्ट क्रिकेट में ऐसी गेंदबाजी की कि सभी हैरान रह गए। बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, ऐसे कई खिलाड़ी रहे जिन्होंने अपने नाम ऐसे रिकॉर्ड दर्ज करके रखे हैं जिन्हें तोड़ पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं है। चलिए आज हम आपको पांच ऐसे रिकॉर्ड्स के बारे में बता रहे हैं जिन्हें सुनने के बाद आप भी हैरान रह जाएंगे और आपको ऐसा कोई खिलाड़ी नजर नहीं आएगा जो इन रिकॉर्ड्स को तोड़ सकता है।
जेसन गिलेस्पी की डबल सेंचुरी
ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ क्रिकेटर जेसन गिलेस्पी ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर रखा है जिसके टूटने की उम्मीदें बेहद कम हैं। दरअसल, साल 2006 में बांग्लादेश के खिलाफ जेसन गिलेस्पी ने नाइट वॉचमैन के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जड़ दिया था। उन्होंने 201 रनों की पारी खेली थी। हर टीम नाइट वॉचमैन के लिए अलग-अलग तरह की स्ट्रैटेजी बनाती है, लेकिन आमतौर पर नाइट वॉचमैन थोड़े समय के लिए विकेट रोकने के लिए मैदान पर आते हैं ताकि अगला दिन टीम अच्छे से शुरू कर सके, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के इस क्रिकेटर ने इसकी तस्वीर पूरी तरह से बदल दी थी।
मुथैया मुरलीधरन के विकेट
बल्लेबाजी नहीं, गेंदबाजी में भी एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसके टूटने की उम्मीदें बेहद कम हैं। बता दें कि श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 800 विकेट लेने का अविश्वसनीय रिकॉर्ड बना रखा है। मात्र 133 टेस्ट मुकाबलों में मुरलीधरन ने 800 विकेट लिए थे। अब तक मुरलीधरन के इस रिकॉर्ड के करीब भी कोई खिलाड़ी नहीं पहुंचा है। आज के समय में ज्यादातर खिलाड़ी लिमिटेड ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हैं लेकिन श्रीलंका के इस खिलाड़ी ने टेस्ट क्रिकेट में 800 विकेट लेकर सभी को हैरान कर दिया था।
सचिन तेंदुलकर के 100 शतक
इस लिस्ट में भारतीय क्रिकेटर भी शामिल हैं। सचिन तेंदुलकर के नाम ऐसा रिकॉर्ड है जिसे तोड़ पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए असंभव सा लगता है। सचिन तेंदुलकर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक बनाने का रिकॉर्ड बना रखा है। यह ऐसा करने वाले वह एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनके रिकॉर्ड के करीब अब तक कोई खिलाड़ी नहीं पहुंचा है। हालांकि विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 82 शतक लगा दिए हैं और इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन विराट कोहली टेस्ट और T20 से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में वनडे क्रिकेट में इस रिकॉर्ड को छू पाना बेहद मुश्किल है।
रोहित शर्मा के तीन दोहरे शतक
क्रिकेट की दुनिया का चौथा ऐसा रिकॉर्ड भारत के बल्लेबाज रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित शर्मा ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन दोहरे शतक बनाए हैं। ऐसा करने वाले वह एकमात्र खिलाड़ी हैं। इतना ही नहीं, उनके नाम इस फॉर्मेट में सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी है, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। रोहित शर्मा ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी खेली थी।
ब्रायन लारा का 400 रन
अंतिम रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के धाकड़ प्लेयर और लीजेंड कहे जाने वाले ब्रायन लारा के नाम दर्ज है। साल 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ एंटीगुआ में टेस्ट मुकाबले में बल्लेबाजी करते हुए ब्रायन लारा ने यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया था। ब्रायन लारा ने नाबाद 400 रन की पारी खेली थी। आज भी क्रिकेट की दुनिया में इस स्कोर को कोई नहीं तोड़ पाया है। इतने समय तक क्रीज़ पर टिके रहना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं है।





