MP Breaking News
Mon, Dec 8, 2025

‘हम T20 और ODI में ज्यादा व्यस्त है….पूर्व कप्तान कपिल देव का भारतीय टेस्ट टीम को लेकर फूटा ग़ुस्सा! ऋषभ पंत को लेकर भी कही बड़ी बात

Written by:Rishabh Namdev
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने भारतीय टीम को बुरी तरह से निशाने पर लिया है। दरअसल कपिल देव ने टेस्ट टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है। टेस्ट क्रिकेट में गिर रहे प्रदर्शन को कपिल देव ने T20 और वनडे क्रिकेट का कारण बताया है। इसके अलावा कपिल देव ने हेड कोच गौतम गंभीर को भी निशाने पर लिया है।
‘हम T20 और ODI में ज्यादा व्यस्त है….पूर्व कप्तान कपिल देव का भारतीय टेस्ट टीम को लेकर फूटा ग़ुस्सा! ऋषभ पंत को लेकर भी कही बड़ी बात

इस समय हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम को घरेलू टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने इतिहास रचते हुए भारत को घरेलू टेस्ट सीरीज में 2–0 से हरा दिया। वहीं अब इस हार को लेकर भारत के कई पूर्व खिलाड़ी नाराज नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल दिग्गज खिलाड़ी का कहना है कि इस समय भारतीय टीम के खिलाड़ी T20 और ODI में ज्यादा व्यस्त हैं और यही कारण है कि टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन लगातार गिर रहा है। टेस्ट क्रिकेट में अलग दर्जे का कौशल होना चाहिए।

दरअसल इस समय गौतम गंभीर अपने रिकॉर्ड को लेकर आलोचना में घिरे हुए हैं। वर्तमान में गौतम गंभीर का कोचिंग रिकॉर्ड खराब होता हुआ नजर आ रहा है। पिछली कुछ बड़ी सीरीज में गौतम गंभीर को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद गंभीर के लिए इंग्लैंड की सीरीज भी खास नहीं रही। गंभीर की कोचिंग में ही भारत को न्यूजीलैंड से घरेलू टेस्ट सीरीज में भी हार मिली। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ भारत को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद भारतीय टीम के फैंस का गुस्सा फूट पड़ा।

गौतम गंभीर पर उठे सवाल!

सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर से कई तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल है कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के रिटायरमेंट के बाद भारतीय टेस्ट टीम को सही दिशा में आगे कैसे बढ़ाया जाएगा। क्या गौतम गंभीर ने इसके लिए कुछ सोचा है? इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि इस समय भारतीय टेस्ट टीम के पास राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण जैसे बल्लेबाज नहीं हैं।

हम T20 और ODI में व्यस्त है : कपिल देव

दरअसल स्टार स्पोर्ट्स के मुताबिक कपिल देव ने भारतीय टेस्ट टीम को लेकर कहा कि हम इस समय T20 और ODI में सबसे ज्यादा व्यस्त हैं। इसलिए बल्लेबाजों को गेंदबाज-फ्रेंडली पिच नहीं मिलती है। जिस पिच पर स्पिन और तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही हो, वहां खेलने के लिए एक अलग दर्जे का कौशल चाहिए होता है। जब आप ऐसी पिचों पर खेलने के लिए तैयार हो जाते हैं, तो आपकी मानसिकता प्रभावित करती है कि आप उन्हें कैसे पढ़ते हैं। इस समय आपके पास राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण जैसे खिलाड़ी मौजूद नहीं हैं। ये खिलाड़ी जानते थे कि मैदान में कैसे टिके रहना है। टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी का मतलब ही क्रीज पर टिके रहना होता है।

ऋषभ पंत को लेकर भी बड़ा बयान दिया

हालांकि इस दौरान कपिल देव ने ऋषभ पंत को लेकर भी बड़ा बयान दिया। ऋषभ पंत का नेचुरल स्टाइल हिट करना है, इसलिए उन्हें क्रीज पर रुककर खेलने के लिए नहीं कहा जा सकता। ऋषभ पंत को लेकर कपिल देव ने कहा कि स्पिन गेंदबाजी को खेलने में फुटवर्क बेहद काम आता है। आप ऋषभ पंत से नहीं कह सकते कि डिफेंस करके खेलें, क्योंकि वह एक असली मैच विनर हैं। वह गेंद को हिट करना ही पसंद करते हैं। वह ऐसे बल्लेबाज नहीं हैं जो 100 गेंद खेलकर 20 रन बनाएं। जब वह छक्का लगाते हैं तो हर कोई झूम उठता है। क्या आप उनसे कहेंगे कि छक्के मत लगाओ? वह ऐसे बल्लेबाज हैं जो विपक्षी टीम को पूरी तरह से धराशाई कर सकते हैं।