आज भारतीय क्रिकेट फैंस के सामने बड़ी दुविधा रहने वाली है। एक तरफ जहां भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर इंडिया A टीम राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 का भव्य टूर्नामेंट खेल रही है, जिसका पहला मुकाबला आज यूएई की टीम के खिलाफ होगा। इस मुकाबले में सभी वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए उत्सुक हैं। वैभव सूर्यवंशी पहली बार इतना बड़ा टूर्नामेंट खेलने वाले हैं। हालांकि उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी मुकाबले खेले थे, लेकिन अब एशिया कप जैसे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन पर निगाहें रहेंगी।
बता दें कि इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ा मुकाबला पाकिस्तान और भारत के बीच होगा। यह मुकाबला 16 नवंबर को होने वाला है। यानी वैभव सूर्यवंशी अब पाकिस्तान की टीम के सामने भी मुकाबला खेलेंगे। हाल ही में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को लगातार क्रिकेट के मैदान पर हराया है। ऐसे में एक बार फिर भारतीय फैंस को टीम से उम्मीद रहेगी।
आईपीएल 2025 में शतक लगाकर धमाका किया था
दरअसल अब तक वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को हैरान किया है। पहले आईपीएल 2025 में शतक लगाकर धमाका किया था और उसके बाद इंडिया अंडर-19 की टीम की ओर से खेलते हुए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान में उतरे थे। लेकिन अब पहली बार वैभव सूर्यवंशी इंडिया A टीम की ओर से खेलने जा रहे हैं। आज इस मुकाबले में वह भारतीय क्रिकेट टीम की ओर से ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे। इसके साथ ही आज उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर के सफर की शुरुआत भी मानी जा रही है। बता दें कि इंडिया A की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा के हाथों में है, जबकि इस टीम में बड़े खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी के अलावा नेहाल वढेरा, प्रियांश आर्य जैसे खिलाड़ी टीम में शामिल हैं।
कहां देख सकते हैं लाइव मैच?
बता दें कि राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के सभी मुकाबले आप सोनी स्पोर्ट्स 10, 11, 10 1 HD, सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव ऐप और वेबसाइट पर भी की जा रही है। अलग-अलग भाषाओं में आप सोनी स्पोर्ट्स 3 और सोनी स्पोर्ट्स 4 पर भी इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 35 गेंद में शतक बनाया था। ऐसे में आईपीएल में उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब देखना होगा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर वैभव सूर्यवंशी कैसा प्रदर्शन करते हैं।
इंडिया A की पूरी टीम:
जितेश शर्मा (कप्तान/विकेटकीपर), नमन धीर (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहाल वढेरा, सूर्यांश शेडगे, रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजापनीत सिंह, विजय कुमार वैश्य, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल, सुयश शर्मा।





