भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज को साउथ अफ्रीका ने 2-0 से अपने नाम किया है। इस सीरीज को हारने के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नए सर्कल में भारत अब पाकिस्तान से भी नीचे पहुंच चुका है, जिसके चलते फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बेहद कम हो गई हैं। पाकिस्तान का जीत प्रतिशत 50% है, जबकि भारत 48.15% पर आ चुका है। पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान इस समय चौथे नंबर पर मौजूद है, वहीं भारत अब पांचवें नंबर पर खिसक चुका है।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे मुकाबले में भारत को 408 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह भारत के टेस्ट इतिहास में रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार रही। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में भारत अब पांचवें नंबर पर पहुंच गया है, जिससे फाइनल में पहुंचने की राह बेहद मुश्किल हो गई है।
WTC पॉइंट्स टेबल पर डालें नजर
दरअसल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में भारत ने अब तक कुल नौ मुकाबले खेले हैं जिनमें से चार में जीत दर्ज की है और चार में हार मिली है जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। पॉइंट्स टेबल में इस समय ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया ने चार मुकाबले खेले हैं, जिनमें से चारों जीतकर 48 पॉइंट्स हासिल किए हैं। ऑस्ट्रेलिया का इस समय 100% जीत प्रतिशत है। दूसरे नंबर पर अब साउथ अफ्रीका की टीम पहुंच चुकी है। भारत के खिलाफ सीरीज जीतने के साथ ही साउथ अफ्रीका की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए सर्कल में तीन जीत हो चुकी हैं। साउथ अफ्रीका ने अब तक चार मुकाबले खेले हैं। उनके पास 36 पॉइंट्स हो गए हैं और जीत प्रतिशत 75% है।
नंबर 3 पर डालें नजर
तीसरे नंबर पर इस समय श्रीलंका की टीम मौजूद है। श्रीलंका ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिनमें एक मुकाबला जीता है और एक ड्रॉ रहा है। श्रीलंका को अभी तक एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। श्रीलंका के पास कुल 16 पॉइंट्स और 66.67% जीत प्रतिशत है।
इंग्लैंड की मुश्किलें बड़ी
इंग्लैंड को मिली हार ने इंग्लैंड को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। इंग्लैंड छठे नंबर पर पहुंच चुका है। इंग्लैंड छह मुकाबले खेल चुका है, जिनमें से दो में जीत हासिल की है, तीन मुकाबलों में हार मिली है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। इंग्लैंड के पास कुल 26 पॉइंट्स और 36.11% जीत प्रतिशत है।
सातवें नंबर पर इस समय बांग्लादेश की टीम है। बांग्लादेश ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिनमें से एक में जीत मिली है और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। बांग्लादेश के पास कुल 4 पॉइंट्स और 16.67% जीत प्रतिशत है।
वेस्टइंडीज सबसे नीचे
वेस्टइंडीज की टीम इस समय आठवें नंबर पर मौजूद है। वेस्टइंडीज ने अब तक कोई जीत हासिल नहीं की है। उन्होंने कुल पांच मुकाबले खेले हैं और पांचों में हार का सामना किया है। न्यूजीलैंड ने नए सर्कल में अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। आने वाले मुकाबले न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाएंगे।





