विधायक आरिफ मसूद के खिलाफ FIR, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

विधायक आरिफ मसूद के खिलाफ FIR, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। धर्म संस्कृति समिति के महमंत्री डॉक्टर दीपक रघुवंशी की शिकायत पर भोपाल विधायक आरिफ मसूद (mla arif masood) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विधायक पर आरोप है कि उनके द्वारा गुरुवार को इकबाल मैदान में आयोजित प्रदर्शन के कारण धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। आरिफ मसूद के साथ 6 अन्य लोगों पर आईपीसी की धारा 153 (ए) के अंतर्गत थाना तलैया भोपाल में FIR दर्ज की गई है।

दीपक रघुवंशी ने आरोप लगाया है कि इकबाल मैदान में विधायक आरिफ मसूद द्वारा उन्मादी भीड़ एकत्र कर फ्रांस के राष्ट्रपति का पुतला व झंडे को जलाया गया तथा इस दौरान ऐसा भाषण दिया गया कि फ्रांस के उक्त कृत्य का केंद्र व राज्य में बैठी सरकार के मंत्री भी समर्थन कर रहे है। उनके द्वारा कहा गया कि हम फ्रांस की सरकार के साथ साथ हिंदुस्तान की सरकार को भी चेतावनी दे रहे है कि यदि सरकार ने फ्रांस के कृत्य का विरोध नही किया तो हिंदुस्तान में भी ईंट से ईंट बजा देंगे। याचिकाकर्ता का आरोप है कि इस उन्मादी भीड़ एवं विधायक मसूद के ऐसे कृत्य से हिन्दू जनमानस में भय के साथ अत्यंत आक्रोश व्याप्त है। साथ ही फ्रांस और भारत के संबंधों पर गलत प्रभाव पड़ने की भी आशंका है।

बता दें कि आईपीसी की धारा 153 (ए) उन लोगों पर लगाई जाती है, जो धर्म, भाषा, नस्ल वगैरह के आधार पर लोगों में नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं। धारा 153 (ए) के तहत 3 साल तक की कैद या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। अगर ये अपराध किसी धार्मिक स्थल पर किया जाए तो 5 साल तक की सजा और जुर्माना भी हो सकता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews