नरोत्तम मिश्रा ने शिवराज को लेकर दिया ये बड़ा बयान

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा

Dr.Narottam Mishra

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मध्य प्रदेश की राजनीति में चल रही तमाम अटकलों के बीच गृह एवं जेल मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) का बड़ा बयान सामने आया है। भाजपा में सियासी मुलाकातों के दौर को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सब सोशल मीडिया की देन है। शिवराज जी मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।

भोपाल में जारी भाजपा नेताओं की सियासी मेल-मुलाकात, कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने इंदौर से कसा तंज

सोमवार की सुबह एक बार फिर नरोत्तम मिश्रा के चार इमली स्थित आवास पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम पहुंचे। दोनों के बीच एक घंटे से ज्यादा समय तक बंद कमरे में गुफ्तगू हुई। बातचीत का लब्बोलुआब तो सामने नहीं आया लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह एक सहज और सामान्य मुलाकात थी जो संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते नरोत्तम मिश्रा से की गई। बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नरोत्तम ने भी कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के द्वारा जिन समितियों का गठन किया गया है, उनकी सोमवार को बैठक होनी है और इस नाते विधानसभा अध्यक्ष के साथ उनकी एक सहज और स्वाभाविक मुलाकात थी।

वहीं नरोत्तम मिश्रा के बंगले पर लगातार हो रही सियासी मुलाकातों को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में बदलाव की तमाम खबरें व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी की देन है और इस यूनिवर्सिटी का वाइस चांसलर होने के लिए किसी योग्यता की जरूरत नहीं है। उन्होने कहा कि शिवराज सिंह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री थे, मुख्यमंत्री हैं, और मुख्यमंत्री रहेंगे। नरोत्तम मिश्रा का यह बयान इस मायने में बड़ा है क्योंकि पिछले एक हफ्ते से प्रदेश की राजनीति में हलचल मची हुई है। जहां राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भोपाल दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा, सुहास भगत और नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात कर चुके हैं वहीं प्रभात झा भी नरोत्तम से मिल चुके हैं। इसके साथ ही वीडी शर्मा और नरोत्तम मिश्रा भी पिछले चार दिनों में दो बार मिले हैं। सोशल मीडिया पर लगातार इस तरह की खबरें वायरल हो रही है कि प्रदेश में जल्द नेतृत्व परिवर्तन होने वाला है और कई लोग इस पद की दौड़ में आगे हैं। अब नरोत्तम के इस ताजा बयान के बाद लगभग साफ हो गया है कि तमाम अटकलें निराधार है और आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में फिलहाल परिवर्तन के कोई संकेत नहीं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews