अब शिवराज को लेकर कैलाश विजयवर्गीय का यह बड़ा बयान आया सामने

कैलाश विजयवर्गीय

इंदौर, आकाश धोलपुरे। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Kailash vijayvargiya) ने मीडिया में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही तमाम अटकलों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान ही नेतृत्व करेंगे।

नरोत्तम मिश्रा ने शिवराज को लेकर दिया ये बड़ा बयान

सोमवार की सुबह बीजेपी की प्रदेश सरकार के लिए राहत भरी खबर लेकर आई। मीडिया में चल रही तमाम अटकलों के बीच बीजेपी के दो दिग्गज नेताओं ने खुलकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समर्थन में बयान दिए। सबसे पहले गृह एवं जेल मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का बयान आया और उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सोशल मीडिया में चल रही नेतृत्व परिवर्तन की तमाम अटकलें केवल व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी की देन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे, हैं और रहेंगे यानी सोशल मीडिया पर जो कुछ चल रहा है वह पूरी तरह से निराधार है। नेताओं के बीच की मुलाकात को उन्होंने सामान्य शिष्टाचार की मुलाकात बताया।

इसके बाद इंदौर में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का भी बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मैं जो कुछ देख रहा हूं और जो पढ़ रहा हूं उसमें कोई दम नहीं है। मीडिया चाहे कोई भी कहानी बना दें, वह सिरे से बकवास है। उन्होंने साफ कहा कि क्योंकि कोरोना काल है और लोगों के पास ज्यादा काम नहीं है इसीलिए व्यक्तिगत मुलाकातें करके अपने संबंध मधुर बनाए जा रहे हैं। नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश शिवराज जी के नेतृत्व में ही चलेगा। पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि नए मुख्यमंत्री के रूप में उनका नाम भी सामने आ रहा है, तो उन्होंने कहा कि मैं अभी दूसरी जगह लगा हुआ हूं। एक ही दिन में बीजेपी के दो दिग्गज नेताओं के शिवराज के समर्थन में दिए गए बयानों ने उन तमाम अटकलों की हवा निकाल दी है जो लगातार मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के परिवर्तन को लेकर चल रही थी। कांग्रेस भी इस बात को लेकर लगातार बीजेपी पर हमला बोल रही थी कि प्रदेश नेतृत्व से केन्द्रीय नेतृत्व खुश नहीं है और प्रदेश में जल्द बदलाव होगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews