Hindi News

शादी के बाद जेवर, नगदी लेकर लुटेरी दुल्हन फरार, पुलिस ने नहीं की मदद, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला

Written by:Atul Saxena
Last Updated:
पुलिस ने आरोपी पिता पुत्री की तलाश शुरू कर दी है, न्यायालय ने पुलिस को यह भी निर्देश दिया है कि हर सुनवाई पर विवेचना की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की जाए।
शादी के बाद जेवर, नगदी लेकर लुटेरी दुल्हन फरार, पुलिस ने नहीं की मदद, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला

शादी के बाद दूल्हे को लूटने में माहिर लुटेरी दुल्हनों का संगठित गिरोह सक्रिय है इस गिरोह ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रहने वाले एक युवक को झांसा दिया, उसके साथ धोखाधड़ी की और फिर सोने के जेवर और कैश लूटकर फरार हो गई, पीड़ित युवक ने पुलिस से गुहार लगाई लेकिन जब कोई मदद नहीं मिली तो वो कोर्ट गया, अब अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने लुटेरी दुल्हन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक के साथ उत्तर प्रदेश में रहने वाले एक पिता ने मिलकर षड्यंत्र किया, उसे और उसके परिवार को इमोशनल ब्लैक मेल किया और धोखे से अपनी शादी शुदा बेटी का ब्याह कर दिया, बड़ी बात ये है कि इस षड्यंत्र में बेटी भी शामिल थी, शिवपुरी पुलिस अब दोनों की तलाश कर रही है।

पिता ने इमोशनल ब्लैकमेल कर ऐसे फंसाया  

जानकारी के मुताबिक पिछोर क्षेत्र में रहने वाले नीरज तिवारी के बेटे भुवनेश तिवारी का विवाह 17 फरवरी 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के निवासी दिनेश कुमार की बेटी दीपिका सागर से हुआ था। विवाह से पूर्व दीपिका के पिता दिनेश कुमार ने स्वयं को आर्थिक रूप से कमजोर बताते हुए शादी का सारा खर्च वर पक्ष से उठाने का निवेदन किया, चूँकि परिवार को दीपिका पसंद थी इसलिए उन्होंने इस शर्त को स्वीकार कर लिया और शादी का पूरा खर्चा उठाया।

ससुराल वालों ने प्यार लुटाया, बहू घर लूटकर भाग गई 

भुवनेश के परिवार ने बहू को बेटी समझकर शादी में सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया, साड़ियां और अन्य कीमती उपहार भेंट किए। शादी हिन्दू पूरी रीति-रिवाज से हुई, कुछ दिनों तक सबकुछ ठीक रहा लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद दीपिका का व्यवहार अचानक बदलने लगा। वह घर का कोई काम नहीं करती, गाली-गलौज करती और सबको झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी।

हैरान करने वाला सच सुना तो खिसक गई जमीन 

दीपिका की इन बातों की शिकायत भुवनेश ने ससुराल में की तो वहां से जो जवाब उसे मिला उसे सुनकर उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई, उसके सामने हैरान कर देने वाला सच आया, ससुराल से पता चला कि दीपिका की शादी  झालावाड़ (राजस्थान) निवासी मोहित उर्फ शुभम से पहले से हो चुकी है और अब तक उसका तलाक भी नहीं हुआ है ।

सवाल किया तो बोली दुल्हन, हमारा यही काम 

इस सच के अलावा भुवनेश को मालूम चला कि दीपिका ने अपने पहले पति से झगड़े के बाद भरण-पोषण के लिए 4 लाख रुपए की राशि अदालत से प्राप्त कर ली थी। सच्चाई सामने आने के बाद जब भुवनेश ने दीपिका से सवाल किया तो उसने स्वीकार किया कि “हां, मेरा विवाह पहले हो चुका है, उसने दबंगई से कहा हम इसी तरह लोगों को फंसाकर उनसे पैसे और जेवर ठगते हैं।” इसके बाद 21 मई 2024 को दीपिका ने अपने पिता दिनेश को फोन कर पिछोर बुला लिया।

पिता पुत्री कैश और जेवर लेकर रात के अँधेरे में फरार 

पिता के आने बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ आरोप है कि उसी रात में पिता पुत्री  दोनों ने मिलकर भुवनेश की मां से गाली-गलौज और मारपीट की और रात के अंधेरे में घर से 1.50 लाख रुपए नकद और सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गए। अगले दिन जब भुवनेश ने दीपिका से संपर्क किया तो उसने धमकी दी कि अगर पुलिस में रिपोर्ट की तो जान से मार देंगे और झूठे केस में फंसा देंगे।

पुलिस थाने, एसपी ऑफिस ने नहीं की मदद 

धोखे का शिकार भुवनेश धमकी से डरे बिना पिछोर थाने पहुंचा और शिकायती आवेदन दिया लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की फिर उसने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन दिए लेकिन वहां से भी कोई  कार्रवाई नहीं हुई। अंत में उम्मीद के साथ उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जहाँ से उसे राहत मिली।

कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला 

लंबे संघर्ष के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, पिछोर विकास विश्वकर्मा ने अदालत में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर 3 नवंबर 2025 को पुलिस को अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश पर पिछोर थाना पुलिस ने कल मंगलवार 11 नवंबर को महिला और उसके पिता के खिलाफ धारा 420, 406, 379, 506(बी), 294, 120(बी) भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews