MP में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कल, भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में सामग्री वितरण शुरू

MP Election 2023

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होने वाली है। प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर मतदाता प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला अपने वोट से करेंगे। शुक्रवार सुबह 7 बजे से शुरू होने वाली मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रदेश भर के निर्वाचन केंद्रों पर तैयारी पूरी की जा रही है। इसी कड़ी में भोपाल की सात विधानसभा में आने वाले 2034 मतदान केंद्रों पर भी जोर-शोर से तैयारी देखी जा रही है।

विधानसभा चुनाव में 16000 अधिकारी और कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। इन कर्मचारियों को भोपाल के लाल परेड मैदान में मतदान सामग्री का वितरण शुरू हो गया है। यहां से कर्मचारियों को सारे सामान के साथ मतदान केंद्रों की ओर रवाना किया जा रहा है। यहां पर हर मतदान केंद्र के लिए अलग टेबल की व्यवस्था की गई है, जहां से कर्मचारियों को जांच करने के बाद सामग्री सौंपी जा रही है।

विधानसभा के हिसाब से काउंटर

मतदान सामग्री के वितरण के लिए जिले की सात विधानसभा के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। यहां पर संबंधित विधानसभा के मतदान दलों को सामग्री का वितरण किया जा रहा है। भोपाल जिले में सात विधानसभा आती है, जिसमें भोपाल दक्षिण पश्चिम, भोपाल मध्य, भोपाल उत्तर, बैरसिया, गोविंदपुरा, नरेला और हुजूर शामिल है।

[dgv_vimeo_video id=”885095947″]

ऐसे हो रहा सामग्री वितरण

मतदान दलों को सामग्री वितरण करने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं और एक काउंटर से एक बार में 14 कर्मचारियों को सामग्री का वितरण किया जा रहा है। यहां पर कुल 70 काउंटर बनाए गए हैं और एक बार में 14 कर्मचारियों के हिसाब से कुल 980 अधिकारी और कर्मचारियों को मतदान सामग्री का वितरण हो रहा है। मतदान सामग्री एकत्रित करने के बाद इन कर्मचारियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 500 बसें लगाई गई है। 16000 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें से 9200 की ड्यूटी मतदान के दिन रहेगी।

[dgv_vimeo_video id=”885096301″]

7 विधानसभाओं में कितने केंद्र

भोपाल में आने वाली सात विधानसभा में मतदाताओं की संख्या के हिसाब से मतदान केंद्र बनाए गए हैं। भोपाल उत्तर में 246, नरेला में 330, बैरसिया में 270, हुजूर में 343, भोपाल मध्य में 243, भोपाल दक्षिण पश्चिम में 233 और गोविंदपुर में 370 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां मतदाता वोट की पर्ची और अपना पहचान पत्र दिखाकर वोट डाल सकेंगे।

निर्वाचन आयोग की रहेगी नजर

भोपाल की विधानसभा सीटों पर होने वाली चुनाव की वोटिंग पर निर्वाचन आयोग द्वारा पैनी नजर रखी जाने वाली है। 1100 पोलिंग बूथ को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जिन पर कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरा के जरिए निगरानी रखी जाएगी। 111 बूथ ऐसे हैं जिसकी कमान सिर्फ महिला कर्मचारियों के हाथों में सौंपी गई है। 120 मॉडल पोलिंग बूथ भी बनाए गए हैं, जहां पर विशेष सजावट की गई है। 510 संवेदनशील केंद्र हैं, जहां पर माइक्रो आब्जर्वर सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews