कमलनाथ ने महिलाओं, किसानों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए किए ये बड़े वादे

Kamal Nath promises

MP Election 2023/Kamal Nath Promises : मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए गिनती के दिन बचे हैं और बीजेपी ने अब तक अपना घोषणा पत्र जारी नहीं किया है। संभावना है कि नरक चौदस पर इसे जारी किया जा सकता है। वहीं कमलनाथ हर दिन कांग्रेस के वचन पत्र में किए गए वादों और घोषणाओं को दोहरा रहे हैं। एक बार फिर उन्होने प्रदेश की जनता से वादा किया है कि वो एक खुशहाल मध्य प्रदेश बनाने के लिए संकल्पित हैं।

महिलाओं के लिए वचन

कमलनाथ ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि “सशक्त बेटी, समृद्ध नारी  से खुशहाल मध्‍यप्रदेश” मेरा विजन है और इसे साकार करने के लिए मैं वचनबद्ध हूँ। कांग्रेस सरकार – महिलाओं के लिए सुरक्षित मध्‍यप्रदेश का निर्माण करेगी । महिला दुष्‍कर्म के मामलों में 18 वर्षों में मध्‍यप्रदेश का स्‍थान देश में निरंतर सबसे आगे रहा है। इस कलंक को मिटायेंगे। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए रुपए 1500 प्रतिमाह देंगे। रुपए 500 में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएंगे। “बेटी विवाह योजना” में “विवाह सहायता रुपए 1 लाख 1 हजार” देंगे। विधवा बहन के विवाह में 1.51 लाख रुपए देंगे। “मेरी बिटिया रानी योजना” में “बेटियों को 2 लाख 51 हजार रुपए” के हित लाभ देंगे। वृद्ध , दिव्यांग , विधवा और परित्यक्ता बहनों की “पेंशन को बढ़ाकर 1200 रुपए महीना” देंगे। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और सहकारिता के क्षेत्र में “50% आरक्षण” लाभ देंगे। शुचिता कार्यक्रम के तहत छात्राओं को “निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन” देंगे। छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को हर माह “शुचिता अवकाश” देंगे। बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए “अहिल्याबाई महिला विश्वविद्यालय” प्रारंभ करेंगे। महिलाओं को “महानगरीय बस सेवाओं में यात्रा के निःशुल्क पास” देंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता – सहायिका, आशा–उषा, रसोईया और समूह की बहनों का भविष्य सुरक्षित रखेंगे। ” खुशहाल नारी से खुशहाल मध्‍यप्रदेश” की संकल्‍पना साकार होगी ।”

किसानों के लिए वचन

“खुशहाल किसान–खुशहाल मध्यप्रदेश” मेरा मिशन है और मैं इसे साकार करने के लिए वचनबद्ध हूं। कांग्रेस सरकार का लक्ष्य है – “लागत कांग्रेस की और मुनाफा किसान का”। कांग्रेस सरकार – सिंचाई के लिए 5 एचपी पंप तक बिजली बिल माफ और 10 एचपी तक का बिल हाफ करेगी। बकाया बिल भीमाफ करेगी। “खाद का 100% तक विक्रय सहकारी समितियों” से कराएंगे। किसानों को भरपूर खाद आसानी से मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार हेतु “मेरा तालाब–मेरा खेत”, “मेरा कुआं–मेरा खेत” और “मेरा ट्रांसफार्मर–मेरा खेत” योजनाएं शुरू करेगी। किसानों को “गेहूं का 2600 रुपया” क्विंटल और “धान का 2500 रुपया” क्विंटल सुनिश्चित करेंगे। कांग्रेस की “किसान फसल ऋण माफी योजना” को निरंतर कर 2 लाख तक के ऋण माफ करेंगे। “खेत जोड़ो–मध्यप्रदेश जोड़ो” मिशन के तहत खेत और गांव के बीच रास्तों का निर्माण करेंगे। फसल सुरक्षा के लिए “तारबंदी की योजना में 50% तक अनुदान” देंगे। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की सेवा देंगे। शुद्ध खाद, बीज और कीटनाशक सुनिश्चित करने के लिए “शुद्ध का युद्ध अभियान” चलाएंगे। मांग अनुसार फसल बीमा योजना को सरल करेंगे। राहत राशि बढ़ाएंगे। सभी विकासखंडों में “किसान सुपर मार्केट और सेवा केंद्र” खोलेंगे। कृषि उपज के निर्यात को बढ़ावा देंगे। मंडी अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराएंगे। मंडियों को आधुनिक करेंगे। किसान महोत्सव मनाएंगे। अन्नदाता भाइयों और बहनों का जीवन खुशहाल होगा।”

स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए वचन

“स्वस्थ मध्यप्रदेश से खुशहाल मध्यप्रदेश का नव-निर्माण मेरा विजन है और इसके लिए मैं वचनबद्ध हॅूं। स्वस्थ मध्यप्रदेश के निर्माण में स्वास्थ्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है और उनका भविष्य उज्जवल और सुरक्षित रखने के लिए कांग्रेस सरकार – आशा-उषा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य विभाग में मैदानी स्वास्थ्य कर्मियों का नया केडर बनाकर सरकारी सेवा से जोड़ते हुए सरकारी कर्मियों की तरह अनुकम्पा नियुक्ति, मातृत्व अवकाश, बीमा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पदोन्नति आदि की सुविधाओं को देने के लिए नीति बनायेगे। आशा, उषा, कार्यकर्ता एवं पर्यवक्षक को परिवार सहित 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा एवं 10 लाख रूपये का दुर्घटना बीमा करायेंगे। उषा कार्यकर्ता को  आशा कार्यकर्ता  की तरह प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे । उनके सभी विभेद को समाप्त करेंगे। आशा उषा कार्यकर्ता एवं आशा पर्यवेक्षकों को स्वयं का आवास बनाने के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध करायेंगे। डी.सी.एम. / बी.सी.एम.को अधिकार सम्पन्न बनाएंगे। एन.एच.एम. में पूर्व से कार्यरत सपोर्ट स्टाफ एवं रोगी कल्याण समिति के कर्मियों को रिक्त पदों पर सेवा में प्राथमिकता देंगे। एनएचएम योजना में पद समाप्ति एवं योजना समाप्ति से सेवा से बाहर हुए कर्मचारियों को सेवा में प्राथमिकता देकर, सेवा का अवसर प्रदान करने के नियम बनाएंगे। कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews